क्षेत्रीय
02-Mar-2026
...


गुना (ईएमएस)। । शहर में अनियंत्रित लोडिंग वाहनों, ट्रकों और डंपरों की चपेट में आने से हो रहे लगातार हादसों के विरोध में ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक यूथ ऑर्गनाइजेशन ने जय स्तंभ चौराहे पर जोरदार प्रदर्शन किया। युवा संगठन ने जिला प्रशासन और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शहर की बदहाल ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने की मांग की। संगठन के जिला अध्यक्ष मनोज रजक ने बताया कि पिछले दो हफ्तों के भीतर शहर में चार बड़ेे सडक़ हादसे हुए हैं, जिनमें कई मासूमों ने अपनी जान गंवाई है और कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। प्रशासन की अनदेखी के चलते भारी वाहन प्रतिबंधित क्षेत्रों में बेखौफ दौड़ रहे हैं, जिससे नागरिकों का सडक़ पर चलना दूभर हो गया है। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि शहर के बायपास और मुख्य मार्गों के चौड़ीकरण के नाम पर हजारों पेड़ काट दिए गए, लेकिन इसके बावजूद दुर्घटनाओं पर अंकुश नहीं लग सका है। बीजी रोड बायपास सहित मुख्य सडक़ों पर स्ट्रीट लाइट की पर्याप्त व्यवस्था न होने से रात के समय हादसों का खतरा और बढ़ जाता है। नगर सचिव मानव सिंह और जिला सचिव अजय राव ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक कोई बड़ी जनहानि नहीं होती, तब तक जिम्मेदार नींद से नहीं जागते। संगठन ने मांग की है कि नशे में वाहन चलाने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाए, भारी वाहनों का शहर में प्रवेश सख्ती से रोका जाए और बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए शीघ्र रिंग रोड का निर्माण कराया जाए। साथ ही, सडक़ हादसों के मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा और घायलों के मुफ्त इलाज की जिम्मेदारी प्रशासन को उठाने की अपील की गई है। - सीताराम नाटानी