- पत्रकारवार्ता : विधायक पांडे ने बजट सत्र में रखी मांग जबलपुर, (ईएमएस)। उत्तर मध्य विधानसभा के विधायक डॉ अभिलाष पांडे ने यहां कहा कि प्रदेश के बजट सत्र में उन्होंने जबलपुर की आवश्यकताओं और महत्वपूर्ण मुद्दों पर विषय विधानसभा में उठाए, जिस पर सरकार का सकारात्मक जवाब भी मिला| उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय आधार पर फायर स्टेशन बनाने और फायर सेफ्टी एक्ट की मांग को प्रमुखता से रखा, जिस पर सरकार ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया| डॉ पांडे यहां पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे। डॉ पांडे ने बताया कि विधानसभा के बजट सत्र में उन्होंने जबलपुर से जुड़ी महत्वपूर्ण मांगें जबलपुर महोत्सव हनुमानताल (बड़ी खेरमाई) में आयोजित करने की मांग रखी| साथ ही जबलपुर का नाम जाबालि ऋषि के नाम पर रखे जाने की मांग रखी, वहीं सरकार को सुझाव दिया कि मंदिरों में पुजारियों को मानदेय की व्यवस्था की जाए| साथ ही उन्होंने बच्चों के स्वास्थ्य से जुड़े सामाजिक सरोकार के विषय को रखते हुए ध्यानाकर्षण के जरिए सरकार का ध्यान आकृष्ट कराया कि आजकल कम आयु से ही बच्चों में मोबाइल की लत लगना आम बात हो गई है साथ ही कम आयु में बच्चों को आंखों में मायोपिया की समस्या होना आम बात बन चुकी हैं। विगत सत्र में भी डॉ पाण्डेय के द्वारा जंक फूड एवं उनमें प्रयोग किए जाने वाले अजीनोमोटो के लिए जांच और सख्ती बरतने की मांग की थी जिसे लेकर मध्यप्रदेश सरकार ने पूरे प्रदेश में फूड सेफ्टी ऑफिसर की भर्ती निकली है। इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारी पंकज दुबे, मनीष जैन कल्लू, युवा मोर्चा अध्यक्ष योगेंद्र सिंह, कमलेश नामदेव आदि उपस्थित रहे| सुनील साहू / मोनिका / 02 मार्च 2026/ 06.32