क्षेत्रीय
02-Mar-2026
...


- परीक्षाएँ निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संचालित पाई गईं मुरैना ( ईएमएस ) | माध्यमिक शिक्षा मंडल, मध्यप्रदेश, भोपाल द्वारा निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार आयोजित हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी बोर्ड परीक्षाओं के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत श्री कमलेश कुमार भार्गव ने जिले के चार परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शासकीय माध्यमिक विद्यालय सुमावली, सरस्वती शिशु मंदिर जौरा तथा शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जौरा का अवलोकन किया गया। मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने परीक्षा कक्षों में पहुँचकर व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की तथा केंद्राध्यक्षों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने परीक्षा संचालन में पारदर्शिता, गोपनीयता एवं अनुशासन बनाए रखने पर विशेष बल देते हुए कहा कि बोर्ड परीक्षाओं की विश्वसनीयता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान सभी केंद्रों पर परीक्षा का संचालन स्वतंत्र, निष्पक्ष, सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न होता पाया गया। सुरक्षा व्यवस्था, प्रश्नपत्रों की गोपनीयता संबंधी प्रबंध तथा परीक्षार्थियों के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाएँ संतोषजनक रहीं। जिला प्रशासन द्वारा सभी परीक्षा केंद्रों पर माध्यमिक शिक्षा मंडल के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गई हैं, जिससे परीक्षा प्रक्रिया निर्बाध रूप से संचालित हो रही है।