जबलपुर, (ईएमएस)। होलिका दहन की संध्या पर शहर कांग्रेस कमेटी जबलपुर द्वारा रसल चौक में समस्याओं की होली जलाने का आयोजन किया गया। इस प्रतीकात्मक होलिका दहन के माध्यम से कांग्रेस ने जनता की प्रमुख समस्याओं के प्रति सरकार की उदासीनता का विरोध किया। कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और शहरवासियों ने एकजुट होकर बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, महिलाओं पर अत्याचार और अपराध जैसी गंभीर समस्याओं को लेकर रोष व्यक्त किया। इस अवसर पर शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा ने कहा कि सरकार जनता की परेशानियों को नजरअंदाज कर रही है। प्रदेश में महिलाओं पर अत्याचार बढ़ रहे हैं, बेरोजगार युवा हताश हैं, और कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। उन्होंने कहा कि नगर निगम और जबलपुर विकास प्राधिकरण की लापरवाही से आमजन त्रस्त हैं, जबकि भू-माफिया खुलेआम सक्रिय हैं। उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह चरमरा चुकी हैं, सरकारी अस्पतालों में आवश्यक सुविधाओं का घोर अभाव है, जिससे आम जनता को निजी अस्पतालों के महंगे इलाज पर निर्भर होना पड़ता है।श्रीकृष्ण से प्रार्थना है कि अन्याय, अधर्म और अनीति के इस दौर में वे हमें सत्य और न्याय के मार्ग पर चलने की शक्ति दें। शहर कांग्रेस कमेटी ने वूमेन एम्पावरमेंट को लेकर भी चिंता जाहिर की और सरकार से मांग की कि महिलाओं की सुरक्षा और उनके आर्थिक सशक्तिकरण के लिए ठोस कदम उठाए जाएं. कार्यक्रम में विधायक लखन घनघोरिया, पूर्व मंत्री तरुण भनोत, पूर्व विधायक संजय यादव, कांग्रेस संसद प्रत्याशी दिनेश यादव, पार्षद संतोष पंडा, अमरीश मिश्रा, अतुल नरेश बाजपेयी, राजेश यादव, नरेंद्र पांधे, प्रवेंद्र चौहान और रितेश गुप्ता ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। सभी नेताओं ने एकजुट होकर प्रदेश सरकार की नीतियों की आलोचना की और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया। इस मौके पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में शहरवासियों ने हिस्सा लिया और सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद की। सुनील साहू / मोनिका / 02 मार्च 2026/ 06.47