रायसेन। फाल्गुन मास की पूर्णिमा पर सोमवार रात शहर रंगों के त्योहार की उमंग में सराबोर नजर आया। शुभ मुहूर्त में श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर होलिका दहन किया। शहर में 70 से अधिक स्थानों पर परंपरागत ढंग से होलिका जलाई गई। जैसे ही अग्नि प्रज्ज्वलित हुई, वैसे ही “होलिका माता की जय” के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। होलिका दहन से पहले महिलाओं ने कच्चे सूत की माला से होलिका की परिक्रमा की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। गेहूं की बालियां और नई फसल की आहुति देकर अच्छी पैदावार की प्रार्थना की गई। कई स्थानों पर बच्चों और युवाओं ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर पारंपरिक फाग गीत गाए। देर रात तक हुरियारों की टोलियां होली गीतों पर जमकर थिरकती रहीं। इस बार शहर के कई मोहल्लों , कॉलोनियों मंदिरों के परिसर में पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी देखने को मिला। लकड़ी की बजाय गोबर के कंडों और सूखी लकड़ियों से होलिका दहन किया गया। आयोजन समितियों ने लोगों से हरित होली मनाने और अनावश्यक पेड़ों की कटाई से बचने की अपील की। युवाओं ने ग्रीन होली–क्लीन होली के नारे लगाते हुए स्वच्छता का संकल्प भी लिया। सुरक्षा व्यवस्था के लिए किए पुख्ता इंतजाम.... होलिका दहन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पुलिस बल तैनात रहा। प्रमुख चौक चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों कॉलोनियों में पुलिस वाहनों में सवार हो गश्त करती नजर आई। नगर पालिका की ओर से फायर ब्रिगेड और पानी के टैंकर भी सतर्क रखे गए थे। शहर के विभिन्न क्षेत्रों—गंजबाजार नरापुरा हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी मढ़ई पुरा, मालीपुरा गवोईपुरा, पटेल नगर, सांची रोड, बस स्टैंड, महावीर कॉलोनी, कलेक्ट्रेट रोडवीआईपी कॉलोनी गोल्डन सिटी, भारत नगर भारत बिहार शीतल गार्डन मुखर्जीनगर यशवंत कॉलोनी रामलीला ग्राउंड तालाब मोहल्ला सहित अन्य कॉलोनियों में बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए। बच्चों युवा युवतियों में खास उत्साह देखा गया। कई स्थानों पर होलिका दहन के पश्चात प्रसाद वितरण भी किया गया। वरिष्ठ नागरिकों ने बताया कि होलिका दहन बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। यह पर्व सामाजिक समरसता और भाईचारे का संदेश देता है। देर रात तक शहर में उत्सव का माहौल बना रहा और लोग एक-दूसरे को चेहरे पर रंग गुलाल अबीर लगाकर होली , रंग पंचमी पर्व की शुभकामनाएं देते नजर आए। आज रंगों की होली खेली जाएगी। बाजारों में गुलाल और पिचकारियों की बिक्री जोरों पर है। एसपी आशुतोष गुप्ता, एएसपी कमलेश खरपुसे, एसडीएम मनीष शर्मा, तहसीलदार सिंह मंडले साहित्य जिला व पुलिस प्रशासन ने शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से होली मनाने की अपील की है। वहीं नगर श्री हिंदू उत्सव समिति अध्यक्ष रवि खत्री उनके समिति सदस्यों से चार मार्च बुधवार को सुबह हुरियारों का पारंपरिक जुलूस ढोल नगाड़ों ताशे डीजे बैंडबाजों के बीच सुबह लगभग दस बजे मारुति नंदन मंदिर पाटन देव से प्रारंभ किया जाएगा। उन्होंने हुरियारों से होली धुरेडी के पावन अवसर पर निकाला जाएगा। किशोर वर्मा (ईएमएस) रायसेन ०२/०३/२०२६