-ट्रंप ने कहा- अमेरिकी सेना ने अब तक नौ ईरानी युद्धपोत डुबाए तेहरान,(ईएमएस)। अमेरिका-इजराइल के हमलों में ईरान को 48 घंटे में भारी नुकसान हुआ है। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने बताया कि इन हमलों में 48 ईरानी नेता मारे गए हैं। उन्होंने कहा कि यह तेजी से आगे बढ़ रहा है। कोई विश्वास नहीं कर सकता कि हमने कितनी सफलता हासिल की है, एक ही हमले में 48 नेता खत्म हो गए। ट्रंप ने यह बात एक इंटरव्यू में कही। वहीं इजरायल की सेना ने कहा कि इस हमले में 40 अहम ईरानी सैन्य कमांडर मारे गए हैं, जिनमें ईरान के चीफ ऑफ स्टाफ, अब्दुलरहीम मौसावी भी शामिल हैं। यह कार्रवाई खामेनेई पर हमले के तुरंत बाद हुई। ट्रंप ने रविवार को कहा था कि अमेरिकी सेनाएं ईरान की नौसेना को बेअसर करने में लगी हैं और अब तक नौ ईरानी युद्धपोत डूब चुके हैं। उन्होंने कहा कि वे जल्दी ही समुद्र की तलहटी पर तैरेंगे! उन्होंने यह भी दावा किया कि अमेरिकी हमलों ने ईरानी नौसेना मुख्यालय को भी भारी नुकसान हुआ है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक ईरानी सैन्य बलों ने जवाब में सैकड़ों मिसाइल और ड्रोन हमले किए हैं। अमेरिकी सेना ने पुष्टि की कि इस संघर्ष में अब तक तीन अमेरिकी सैनिक मारे गए हैं और पांच गंभीर रूप से घायल हुए हैं। अमेरिकी सेनाध्यक्षों के मुताबिक ईरान के खिलाफ संयुक्त अमेरिकी-इजराइली ऑपरेशन ने देश के कई प्रमुख सैन्य और राजनीतिक नेताओं को खत्म कर दिया, जिनमें सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई भी शामिल थे। यह संघर्ष अब पूरे मिडिल ईस्ट क्षेत्र में फैल गया है। ईरानी मिसाइलों ने यूएई, कतर, सऊदी अरब, कुवैत, बहरीन और जॉर्डन को निशाना बनाया। ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने रविवार को दावा किया था कि अमेरिकी एयरक्राफ्ट कैरियर अब्राहम लिंकन पर चार बैलिस्टिक मिसाइलें दागी गईं, लेकिन अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने कहा कि मिसाइलें कैरियर के पास तक भी नहीं पहुंच सकीं और कैरियर अभी भी क्षेत्र में संचालन कर रहा है। सिराज/ईएमएस 03 मार्च 2026