राष्ट्रीय
03-Mar-2026


जबलपुर (ईएमएस)। ईरान-इजराइल के चलते रद्द हुई उड़ानों से जबलपुर के चार व्यापारी अपने परिवार सहित दुबई में फंस गए हैं। अनिश्चित हालात के चलते उनकी भारत वापसी फिलहाल संभव नहीं हुई है। जानकारी के अनुसार शहर के व्यापारी शैलेश जैन, प्रशांत विश्वकर्मा, संजय सिंघई और प्रवीण जैन 21 फरवरी को परिवार के साथ दुबई गए थे। सभी को 28 फरवरी को लौटना था। तभी क्षेत्र में तनाव बढ़ने से कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द की गईं, जबकि कुछ को अनिश्चितकाल के लिए टाला गया है। इससे वे वहीं रुकने को मजबूर हैं। दुबई में फंसे व्यापारियों ने दो वीडियो जारी करके अपनी स्थिति बता दी है। उन्होंने कहा कि जिस इलाके में वे रुके हैं, वहां स्थिति अभी सामान्य और सुरक्षित है। हालांकि, एयरपोर्ट का संचालन और फ्लाइट्स फिर से कब सामान्य होंगी, इसकी जानकारी नहीं मिल पा रही है, जिससे चिंता बढ़ गई है। व्यापारियों के मुताबिक लगातार बढ़ते होटल खर्च ने उनकी परेशानी और बढ़ा दी है। तनावपूर्ण हालात के बीच कई होटलों ने किराया तीन गुना तक बढ़ाया है। लंबे समय तक ठहरने की मजबूरी से आर्थिक बोझ लगातार बढ़ रहा है। बच्चों और बुजुर्गों के साथ होने के कारण मानसिक दबाव भी महसूस हो रहा है। फंसे हुए व्यापारियों ने केंद्र सरकार से सुरक्षित वापसी के लिए मदद की गुहार लगाई है। आशीष दुबे / 03 मार्च 2026