राष्ट्रीय
03-Mar-2026


हाथरस (ईएमएस)। यूपी के हाथरस जिले की सादाबाद कोतवाली अंतर्गत गांव गढ़ी हरिया के निकट यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के करीब चार बजे एक निजी डबल डेकर बस ने एक इको कार में पीछे से टक्कर मार दी। इस सड़क हादसे में इको में सवार 13 लोग गंभीर रूप से घायल हुए, जिनमें से मौके पर छह लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पहुंच गए। मृतकों के शव को जिला अस्पताल ले जाया गया है। जबकि घायलों को उपचार के लिए खंदौली थाना क्षेत्र के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। मिली जानकारी के मुताबिक एक निजी डबल डेकर बस दिल्ली से गोरखपुर की तरफ जा रही थी तो इसी दौरान सादाबाद क्षेत्र के गांव गढ़ी हरिया के निकट यमुना एक्सप्रेसवे पर बस ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही इको में सवार लोगों में चीख पुकार मच गई। मौके पर कुछ देर के लिए यातायात भी बाधित हो गया। इको में सवार सभी लोग दिल्ली से राजाखेड़ा राजस्थान की तरफ जा रहे थे। इस हादसे में विजय (30) पुत्र सुखराम बघेल निवासी सुडरई थाना शमशाबाद जनपद आगरा, पिंकी (38) पत्नी विजय निवासी सूट रही थाना शमशाबाद जनपद आगरा, नाथू देवी (65) पत्नी अमर सिंह निवासी रोई खास थाना शमशाबाद जनपद आगरा, दिनेश (55) पुत्र हुकम सिंह निवासी गंगोलिया पुर थाना राजाखेड़ा जनपद धौलपुर राजस्थान, सुनीता (51) पत्नी दिनेश निवासी गंगोलियापुरा थाना राजाखेड़ा जनपद धौलपुर राजस्थान तथा लोकेश (35) पुत्र भूरी सिंह निवासी चमोली घर थाना राजाखेड़ा जनपद धौलपुर की मौत हो गयी। जितेन्द्र 03 मार्च 2026