कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिले के दर्री थाना क्षेत्र में होली पर्व के दिन पर एक मोबाइल दुकान में चोरी की बड़ी वारदात घटित हुई है। अज्ञात चोरों ने आस्था मोबाइल पैलेस नामक संस्थान से करीब डेढ़ लाख रुपये के मोबाइल फोन, नकदी और अन्य सामान चुरा लिए। यह घटना अर्ध रात्रि लगभग 1:30 बजे हुई, जब पूरा शहर होली के उत्सव में डूबा था। दुकान के संचालक आकाश जायसवाल ने बताया कि उन्हें रात्रि लगभग 1:30 बजे चोरी की सूचना मिली। मौके पर पहुंच उन्होंने देखा कि दुकान का शटर किनारे से उठाया गया था और अंदर रखा सारा सामान गायब था। चोर बड़ी संख्या में मोबाइल फोन, नकदी और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। चोरी किए गए सामान की कुल कीमत लगभग एक से डेढ़ लाख रुपये आंकी गई है। उन्होंने बताया चोरों ने शटर उठाकर वारदात को अंजाम दिया। घटना की सूचना मिलते ही दर्री पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। 06 मार्च / मित्तल