:: अव्यवस्थित सामग्री को तत्काल हटाने और नियमित सफाई सुनिश्चित करने के दिए आदेश :: इंदौर (ईएमएस)। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने आज प्रातः वार्ड क्रमांक 66 के अंतर्गत लालबाग के पीछे स्थित जीटीएस (गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन) का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ स्वास्थ्य प्रभारी अश्विनी शुक्ल, महापौर प्रतिनिधि भारत पारख, क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती कंचन गिद्ववानी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी व कर्मचारी भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान महापौर ने जीटीएस परिसर में रखे ग्रीन वेस्ट व अन्य सामग्री की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परिसर में अनावश्यक रूप से जमा ग्रीन वेस्ट व अव्यवस्थित सामग्री को तत्काल हटाया जाए, ताकि क्षेत्र में स्वच्छता व सुव्यवस्था बनी रहे। इसके साथ ही, उन्होंने कचरे के संग्रहण व परिवहन व्यवस्था को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने तथा नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। जीटीएस के बाद, महापौर ने त्रिवेणी कॉलोनी स्थित उद्यान का भी निरीक्षण किया। वहां उन्होंने स्वच्छता, हरियाली व नागरिकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया। महापौर ने अधिकारियों को उद्यान का नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने और स्थानीय निवासियों को स्वच्छ व बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। प्रकाश/6 मार्च 2026