खेल
07-Mar-2026
...


इंदौर (ईएमएस)। ऑल इंडिया टेनिस संघ के तत्वाधान में मध्य प्रदेश टेनिस संघ द्वारा आयोजित आईटा कोचिंग इंटरमीडिएट प्लेयर कोचेस कोर्स का शनिवार को इंदौर टेनिस क्लब में भव्य समापन हुआ। 1 मार्च से शुरू हुए इस सात दिवसीय गहन प्रशिक्षण शिविर में देश के विभिन्न राज्यों से आए 19 टेनिस प्रशिक्षकों ने आधुनिक खेल बारीकियों के गुर सीखे। इस कोर्स का मुख्य उद्देश्य प्रशिक्षकों को बिगिनर और इंटरमीडिएट स्तर के खिलाड़ियों को तैयार करने के लिए आवश्यक बुनियादी तकनीकी ज्ञान प्रदान करना था। प्रशिक्षण के दौरान खिलाड़ियों की शारीरिक दक्षता और मानसिक दृढ़ता जैसे आधुनिक पहलुओं पर विशेष सत्र आयोजित किए गए। कोर्स के अंत में सभी प्रतिभागियों की लिखित और प्रायोगिक परीक्षाएं भी ली गईं, जिसके आधार पर उनकी दक्षता का मूल्यांकन किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम इंटरनेशनल टेनिस फेडरेशन के अधिकृत ट्यूटर कंवलजीत सिंह (चंडीगढ़) के मुख्य मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इंदौर के इन्द्र कुमार महाजन ने सहायक ट्यूटर के रूप में अपनी सेवाएं दीं। कोर्स के समापन अवसर पर आयोजित समारोह में मध्य प्रदेश टेनिस संघ के अध्यक्ष अनिल महाजन और संयुक्त सचिव अर्जुन धूपर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। अतिथियों ने प्रशिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रमों से देश में टेनिस के बुनियादी ढांचे और कोचिंग की गुणवत्ता में बड़ा सुधार आएगा। इस अवसर पर मध्य प्रदेश टेनिस संघ के अन्य पदाधिकारी और इंदौर टेनिस क्लब के सदस्य भी मौजूद रहे। प्रकाश/7 मार्च 2026