मुंबई (ईएमएस)। बॉलीवुड फिल्ममेकर राम गोपाल वर्मा फिल्म वॉर 2 के टीजर के बाद अभिनेत्री कियारा आडवाणी के बिकीनी लुक पर की गई टिप्पणी को लेकर उनकी काफी आलोचना हुई थी। राम गोपाल वर्मा को भारी ट्रोलिंग के बाद अपना ट्वीट डिलीट करना पड़ा था। रामगोपाल एक बार फिर अपने पुराने विवादित ट्वीट को लेकर चर्चा में आ गए हैं। अब हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने इस पूरे मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। एक इंटरव्यू के दौरान राम गोपाल वर्मा से पूछा गया कि उन्होंने कियारा आडवाणी के बिकीनी लुक पर किया गया ट्वीट क्यों हटाया था। इस पर उन्होंने कहा कि उन्हें ठीक से याद नहीं है कि उन्होंने उस ट्वीट में क्या लिखा था, क्योंकि वह अक्सर कई ट्वीट करते रहते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यह बात काफी समय पुरानी हो चुकी है। राम गोपाल वर्मा के अनुसार, अगर किसी फिल्म के ट्रेलर में किसी अभिनेत्री का ग्लैमरस लुक, जैसे बिकीनी में एक खूबसूरत लड़की दिखाया जाता है, तो उसका मकसद दर्शकों को आकर्षित करना ही होता है। उन्होंने कहा कि उन्होंने जो भी लिखा था, वह उनके नजरिए से एक तरह का कॉम्प्लिमेंट ही था। राम गोपाल वर्मा ने आगे कहा कि वह हमेशा से खूबसूरत महिलाओं की तारीफ खुलकर करते रहे हैं। उन्होंने बताया कि फिल्म ‘रंगीला’ के समय से ही वह अपने विचारों और भावनाओं को छिपाने में विश्वास नहीं रखते। उनके मुताबिक, वह अपने व्यक्तित्व को नहीं बदल सकते, हालांकि समय के साथ उनका सिनेमा जरूर बदल सकता है। जब उनसे पूछा गया कि आखिर उन्होंने अपना ट्वीट क्यों डिलीट किया, तो उन्होंने कहा कि उन्हें इसका सटीक कारण याद नहीं है। गौरतलब है कि उस समय उनके ट्वीट में फिल्म के कलाकारों को लेकर की गई टिप्पणी पर सोशल मीडिया पर काफी नाराजगी जताई गई थी। राम गोपाल वर्मा इससे पहले भी कई बार अपने विवादित बयानों को लेकर चर्चा में रह चुके हैं। वर्ष 2017 में उन्होंने महिला दिवस के मौके पर अभिनेत्री सनी लियोनी को लेकर भी एक विवादित ट्वीट किया था, जिस पर काफी आलोचना हुई थी। सुदामा/ईएमएस 09 मार्च 2026