मुंबई (ईएमएस)। लोकप्रिय अभिनेत्री अदिति भाटिया इन दिनों अपनी नई फिल्म ‘द केरल स्टोरी 2: गोज बियॉन्ड’ को लेकर चर्चा में हैं। अभिनेत्री ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर फिल्म के नए गाने ‘कान्हा’ का एक वीडियो साझा किया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में अदिति पारंपरिक गुलाबी घाघरा-चोली में नजर आ रही हैं और भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में भावपूर्ण नृत्य करती दिखाई देती हैं। वीडियो साझा करते हुए अदिति ने भावनात्मक कैप्शन भी लिखा। उन्होंने कहा, “जब प्रेम भक्ति में बदल जाता है, तब राधा सिर्फ एक ही नाम पुकारती है – कान्हा।” इसके साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि ‘कान्हा’ गीत अब रिलीज हो चुका है। अभिनेत्री ने अपनी पोस्ट में फिल्म का प्रमोशन करते हुए लिखा, “अब सहेंगे नहीं, लड़ेंगे… ‘केरल स्टोरी 2’ सिनेमाघरों में जारी है।” अदिति के इस वीडियो को उनके प्रशंसकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है। कुछ ही घंटों में वीडियो पर हजारों लाइक्स और व्यूज आ चुके हैं। फैंस कमेंट के जरिए उनकी तारीफ करते हुए उनके डांस और अभिनय की सराहना कर रहे हैं। कई प्रशंसकों ने उनके पारंपरिक लुक और भावपूर्ण प्रस्तुति को बेहद खूबसूरत बताया है। अदिति भाटिया टेलीविजन इंडस्ट्री का जाना-माना नाम हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत एक बाल कलाकार के रूप में की थी और धीरे-धीरे अपनी प्रतिभा के दम पर अलग पहचान बनाई। स्टार प्लस के लोकप्रिय धारावाहिक ‘ये है मोहब्बतें’ में रूही के किरदार से उन्हें खास पहचान मिली और इस भूमिका ने उन्हें घर-घर में लोकप्रिय बना दिया। अब अदिति फिल्मों में भी सक्रिय नजर आ रही हैं। ‘द केरल स्टोरी 2: गोज बियॉन्ड’ में वह मुख्य भूमिका निभा रही हैं। फिल्म का निर्देशन कामाख्या नारायण सिंह ने किया है, जबकि इसका निर्माण विपुल अमृतलाल शाह ने सनशाइन पिक्चर्स के बैनर तले किया है। फिल्म की कहानी तीन महिलाओं के जीवन के इर्द-गिर्द घूमती है, जिनकी जिंदगी शादी और धर्म परिवर्तन के विवादित मुद्दों के कारण मुश्किल परिस्थितियों में उलझ जाती है। फिल्म में अदिति भाटिया दिव्या नाम की युवती की भूमिका निभा रही हैं। इस फिल्म में उनके साथ उल्का गुप्ता और ऐश्वर्या ओझा भी अहम किरदारों में दिखाई देंगी। यह हिंदी ड्रामा फिल्म 27 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई है। सुदामा/ईएमएस 09 मार्च 2026