- सोने का भाव 1.60 लाख और चांदी 2.65 लाख रुपए नई दिल्ली (ईएमएस)। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को सोना और चांदी के घरेलू वायदा भाव में नरमी देखने को मिली। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर दोनों की कीमतों की शुरुआत गिरावट के साथ हुई और कारोबार के दौरान भी दबाव बना रहा। एमसीएक्स पर सोने का बेंचमार्क अप्रैल कॉन्ट्रैक्ट 983 रुपये की गिरावट के साथ 1,60,651 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर खुला, जबकि पिछले सत्र में इसका बंद भाव 1,61,634 रुपये था। इस समय यह कॉन्ट्रैक्ट लगभग 1,334 रुपये की गिरावट के साथ 1,60,300 रुपये के आसपास कारोबार कर रहा था। दिन के कारोबार के दौरान सोने ने 1,60,672 रुपये का उच्च स्तर और 1,59,826 रुपये का निचला स्तर छुआ। इस वर्ष अब तक सोना 1,80,779 रुपये के रिकॉर्ड उच्च स्तर तक पहुंच चुका है। वहीं चांदी के वायदा भाव में भी सुस्ती देखी गई। एमसीएक्स पर चांदी का बेंचमार्क मई कॉन्ट्रैक्ट 788 रुपये की गिरावट के साथ 2,67,497 रुपये प्रति किलो पर खुला। पिछले सत्र में इसका बंद भाव 2,68,285 रुपये था। कारोबार के दौरान चांदी करीब 3,185 रुपये की गिरावट के साथ 2,65,100 रुपये के आसपास ट्रेड करती दिखाई दी। इस दौरान चांदी ने 2,67,498 रुपये का उच्च स्तर और 2,64,475 रुपये का निचला स्तर छुआ। इस साल चांदी का उच्चतम स्तर 4,20,048 रुपये प्रति किलो रहा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना और चांदी के वायदा भाव में कमजोरी का रुख देखने को मिला। कॉमेक्स पर सोना 5,186.70 डॉलर प्रति औंस पर खुला और बाद में गिरकर करीब 5,087.90 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता नजर आया। वहीं चांदी 84.62 डॉलर प्रति औंस पर खुली और गिरकर करीब 82.50 डॉलर प्रति औंस के आसपास ट्रेड करती दिखाई दी। सतीश मोरे/09मार्च ---