- दिशा समिति की बैठक में विभिन्न योजनाओं व निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा राजगढ़(ईएमएस)l जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की समीक्षा बैठक में जिले में संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए उनके प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए। बैठक में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग नारायण सिंह पंवार, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कौशल विकास एवं रोजगार विभाग गौतम टेटवाल, सांसद रोडमल नागर, विधायक खिलचीपुर हजारीलाल दांगी, विधायक नरसिंहगढ़ मोहन शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष चंदर सिंह सोंधिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक में कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. इच्छित गढ़पाले तथा विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी भी मौजूद रहे। बैठक में एजेंडा अनुसार विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं विकास कार्यों की विभागवार समीक्षा की गई। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना अंतर्गत निर्माणाधीन एवं पूर्ण सड़कों की प्रगति पर चर्चा करते हुए कार्यों को निर्धारित गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान एवं उच्च शिक्षा विभाग की गतिविधियों की भी समीक्षा की गई। राष्ट्रीय जल जीवन मिशन अंतर्गत संचालित हर घर जल अभियान की प्रगति की भी विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान मध्यप्रदेश जल निगम एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की गई तथा योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग और जल स्रोतों के समुचित उपयोग के निर्देश दिए गए, ताकि प्रत्येक घर तक सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके। बैठक में लोक निर्माण विभाग द्वारा संचालित निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए उनकी गुणवत्ता एवं प्रगति पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। साथ ही जिले में निर्माणाधीन नर्सिंग कॉलेज एवं छात्रावास के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। राजगढ़ मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति पर भी विस्तार से चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्यों को गति देते हुए समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।बैठक में सांसद श्री रोडमल नागर ने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता किसी भी स्थिति में प्रभावित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे क्षेत्रीय विधायकों के साथ सतत संवाद और समन्वय बनाए रखें, ताकि यदि किसी भी स्तर पर कोई समस्या आती है तो उसका त्वरित समाधान किया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग एवं जल निगम के कार्यों की नियमित निगरानी आवश्यक है, जिससे जल जीवन मिशन के उद्देश्यों की प्रभावी पूर्ति हो सके।बैठक में प्रधानमंत्री राहत योजना की भी समीक्षा की गई। जनप्रतिनिधियों ने इस योजना की सराहना करते हुए बताया कि इसके अंतर्गत पंजीकृत अस्पतालों में सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को 1 लाख 50 हजार रुपये तक का कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे जरूरतमंदों को बड़ी राहत मिल रही है। सांसद श्री नागर ने राजगढ़ स्थित स्टेडियम के समुचित विकास पर भी जोर देते हुए सुझाव दिया कि स्टेडियम को खेल विभाग को हस्तांतरित किया जाए, ताकि वहां खेल गतिविधियों का विस्तार हो सके और खिलाड़ियों के लिए बेहतर खेल सुविधाएं विकसित की जा सकें। बैठक के दौरान कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने बताया कि भारत सरकार द्वारा 14 वर्ष की किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु एचपीवी टीकाकरण अभियान संचालित किया जा रहा है। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बालिकाओं को यह टीका अवश्य लगवाएं, जिससे भविष्य में गंभीर बीमारी से बचाव संभव हो सके। बैठक में अधिकारियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा विकास कार्यों में गति लाने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा के निर्देशन में जिले में विभिन्न शासकीय योजनाओं के अंतर्गत हितग्राहियों को आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। जिनमें मुख्यमंत्री निःशक्त विवाह प्रोत्साहन योजना के तहत ग्राम नांदनी तहसील जीरापुर निवासी श्रीमती कविता राठौर पत्नी श्री अंतिम राठौर को 2 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। वहीं मुख्यमंत्री कृषक जीवन कल्याण योजना के अंतर्गत करोंदी टप्पा तलेन तहसील सारंगपुर निवासी श्रीमती मांगूबाई पत्नी स्व. श्री घीसालाल को उनके पति की कृषि कार्य करते समय मृत्यु होने पर 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। दोनों हितग्राहियों को बैठक के दौरान प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।-निखिल/राजगढ़/9/3/2026