क्षेत्रीय
09-Mar-2026
...


बस्ती,(ईएमएस)। उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में रविवार शाम एक अनियंत्रित ट्रेलर के कहर ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। नगर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत बस्ती-बांसी मार्ग पर स्थित हरदिया चौराहे के पास यह दर्दनाक हादसा तब हुआ, जब एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने अपना नियंत्रण खो दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अनियंत्रित ट्रेलर ने सड़क पर जा रहे एक ऑटो रिक्शा और कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और वह बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद ट्रेलर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराया। इस दुखद घटना में ऑटो रिक्शा में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत जिला अस्पताल भिजवाया। मृतकों की पहचान 25 वर्षीय अमरजीत और 45 वर्षीय प्रीती शुक्ला के रूप में हुई है, जबकि एक अन्य मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने ट्रेलर को कब्जे में ले लिया है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।