राज्य
09-Mar-2026


* नगर निगम की रेवेन्यू टीम की कार्रवाई; बुकिंग काउंटर, पास काउंटर और कई कमरे सील, केवल एक प्रवेश द्वार खुला वडोदरा (ईएमएस)| वडोदरा नगर निगम के रेवेन्यू विभाग ने बकाया कर वसूली के तहत कड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के मकरपुरा एसटी डिपो को सील कर दिया। निगम के अनुसार डिपो पर लगभग 1,96,05,784 रुपये का कर लंबे समय से बकाया था। कई बार नोटिस देने और वसूली की कार्रवाई के बावजूद भुगतान नहीं होने पर यह कदम उठाया गया। रेवेन्यू विभाग की टीम जब वसूली के लिए डिपो पहुंची तो कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए डिपो के बुकिंग काउंटर, बस पास काउंटर, पार्सल रूम और अन्य सभी कमरों को सील कर दिया। केवल यात्रियों के आवागमन के लिए एक प्रवेश द्वार खुला रखा गया है। कार्रवाई के बाद डिपो में बसों की आवाजाही काफी कम हो गई और पूरा परिसर लगभग सुनसान नजर आया। कई यात्रियों को इस कार्रवाई की जानकारी नहीं थी, इसलिए वे बाहर खुले स्थान पर बस का इंतजार करते दिखाई दिए। सबसे अधिक परेशानी उन छात्रों को हुई जो एसटी बस पास के नवीनीकरण के लिए डिपो पहुंचे थे। पास नवीनीकरण की अंतिम तिथि होने के बावजूद पास काउंटर सील होने के कारण उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा। इसी तरह आरक्षण काउंटर और पार्सल रूम सील होने से पार्सल भेजने या लेने आए लोगों को भी खाली हाथ लौटना पड़ा। निगम के रेवेन्यू विभाग ने बताया कि अब एक करोड़ रुपये से अधिक कर बकाया रखने वाले संपत्ति मालिकों के खिलाफ प्राथमिकता से कार्रवाई की जा रही है। इसके बाद 50 लाख से 1 करोड़, फिर 25 लाख से 50 लाख और अंत में 1 लाख से 25 लाख तक बकाया रखने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही छोटे बकायेदारों के लिए नगर निगम में अलग काउंटर शुरू करने और कुछ मामलों में ब्याज माफी योजना लाने पर भी विचार किया जा रहा है। अब देखना यह होगा कि गुजरात राज्य पथ परिवहन निगम (जीएसआरटीसी) कब तक बकाया कर जमा करता है और मकरपुरा एसटी डिपो की सेवाएं पूरी तरह से कब बहाल होती हैं। सतीश/09 मार्च