जयपुर (ईएमएस)। अजमेर संभाग स्तरीय वन मेला महात्मा गांधी स्मृति वन उघान शास्त्री नगर में आयोजित किया गया। इसमें मुख्य अतिथि श्री वासुदेव देवनानी विधानसभा अध्यक्ष रहे। देवनानी के आने पर मुख्य वन संरक्षक श्रीमती ख्याति माथुर एवं उप वन संरक्षक श्री पी. बालामुरूगन द्वारा स्वागत किया गया। संभाग स्तरीय वन मेले का उद्घाटन मुख्य अतिथि वासुदेव देवनानी विधानसभा अध्यक्ष द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। देवनानी ने कहा कि महिलाओं की सक्रिय सहभागिता से विभागीय कार्यों में नई ऊर्जा और संवेदनशीलता का संचार हो रहा है। उन्होंने आमजन के जीवन में वनों व वनों से प्राप्त उत्पादों, जडी-बूटियों का महत्व पुन: पुरातन संस्कृति अनुरूप बढाने के लिए इस प्रकार के आयोजनो को बढावा दिए जाने, वनो व वनभूमि को अतिक्रमण से बचाने की आवश्यकता जताई।उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा एक पेड मां के नाम योजना तथा मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा द्वारा पौधारोपण के लिए किए जा रहे प्रयासो का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि वनों का संरक्षण और संवर्धन हमारे पर्यावरण संतुलन के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आज के समय में आमजन के जीवन में वनों, वन उत्पादों तथा जड़ी-बूटियों के महत्व को पुन: स्थापित करने की आवश्यकता है। हमारी प्राचीन संस्कृति में प्रकृति और वनों के प्रति सम्मान की परंपरा रही है, इसे आगे बढ़ाने के लिए इस प्रकार के आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। अशोक शर्मा/ 5:30 बजे/9 मार्च 2026