:: वर्षा ऋतु से पूर्व जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने आज शहर की जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से झोन क्रमांक 18, 8 एवं 5 के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने चल रहे नाला आउटफॉल एवं नाला टेपिंग कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया और कार्यों की गति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने विशेष रूप से झोन क्रमांक 08 के अंतर्गत आने वाले तुलसी नगर क्षेत्र और झोन क्रमांक 05 के मेघदूत नगर क्षेत्र में स्थित नालों का अवलोकन किया। उन्होंने यहाँ चल रहे आउटफॉल कार्यों की वर्तमान स्थिति को परखा और संबंधित अधिकारियों से प्रगति रिपोर्ट ली। आयुक्त सिंघल ने संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि नाला टेपिंग और आउटफॉल से जुड़े शेष कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर ही पूर्ण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए शहर की जल निकासी व्यवस्था का सुचारु होना अत्यंत आवश्यक है, ताकि जलभराव जैसी समस्याओं से बचा जा सके। इस निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त आशीष पाठक, सहायक यंत्री आकाश जैन सहित संबंधित झोन के वरिष्ठ अधिकारी एवं तकनीकी दल उपस्थित रहा। प्रकाश / 09 मार्च 2026