:: सतत पर्यवेक्षण और तकनीकी सुधारों का असर; प्रबंध निदेशक के निर्देशों पर शिकायत निवारण में आई तेजी :: इंदौर (ईएमएस)। मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के कार्यक्षेत्र में बिजली आपूर्ति संबंधी शिकायतों में संतोषजनक कमी दर्ज की गई है। कंपनी के मुख्य महाप्रबंधक प्रकाश सिंह चौहान ने बताया कि सतत पर्यवेक्षण और आपूर्ति संबंधी तकनीकी सुविधाओं में की गई वृद्धि का सीधा लाभ उपभोक्ताओं को मिल रहा है, जिसके फलस्वरूप शिकायतों का ग्राफ नीचे आया है। प्रबंध निदेशक अनूप कुमार सिंह के निर्देशानुसार कंपनी द्वारा शिकायत निवारण को अत्यधिक प्राथमिकता दी जा रही है। साथ ही उच्चदाब और निम्न दाब श्रेणी की बिजली आपूर्ति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आवश्यक तकनीकी सुधार कार्य निरंतर किए जा रहे हैं। इन्हीं प्रयासों की बदौलत शिकायतों में कमी की स्थिति बनी है। आंकड़ों की तुलना करते हुए मुख्य महाप्रबंधक चौहान ने बताया कि 8 फरवरी 2026 को कंपनी स्तर पर बिजली आपूर्ति संबंधी कुल 3185 शिकायतें दर्ज हुई थीं, जबकि 8 मार्च 2026 को यह संख्या घटकर 2812 रह गई है। शिकायतों के आंकड़ों में आई यह गिरावट कंपनी द्वारा किए जा रहे सुधारात्मक कार्यों की सफलता को दर्शाती है। कंपनी प्रबंधन का लक्ष्य है कि भविष्य में भी उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और शिकायतों का त्वरित निराकरण हो सके। प्रकाश / 09 मार्च 2026