नई दिल्ली (ईएमएस)। हेल्थ एक्सपर्ट्स का कहना है कि ऑफिस की व्यस्त दिनचर्या के बावजूद लिवर की देखभाल को प्राथमिकता देना बेहद जरूरी है। फैटी लिवर तब बनता है जब लिवर में आवश्यक मात्रा से अधिक वसा जमा होने लगती है। लंबे समय तक बैठे रहना, गलत खान-पान और शारीरिक गतिविधि की कमी इसके प्रमुख कारण माने जाते हैं। समय रहते ध्यान न देने पर यह समस्या गंभीर रूप ले सकती है और लिवर की सामान्य कार्यक्षमता को प्रभावित कर सकती है। नेशनल हेल्थ मिशन के अनुसार, कुछ छोटी-छोटी आदतें अपनाकर फैटी लिवर के जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकता है। व्यस्त जीवनशैली के बीच भी बेहतर स्वास्थ्य संभव है, बशर्ते थोड़ी जागरूकता और नियमित प्रयास किए जाएं। अच्छी बात यह है कि कुछ सरल उपायों से लिवर को स्वस्थ रखा जा सकता है और लंबे समय तक उसकी कार्यक्षमता को सुरक्षित रखा जा सकता है। सबसे पहले, दिनभर में बहुत देर तक एक ही जगह पर बैठे रहना जरूरी रूप से कम करें। हर एक से दो घंटे में उठकर थोड़ा टहलें और छोटे वॉक ब्रेक लें। ऑफिस में बैठे-बैठे भी हल्की स्ट्रेचिंग, पैरों को हिलाना या कंधों की हल्की एक्सरसाइज करना फायदेमंद साबित हो सकता है। इससे रक्त संचार बेहतर होता है और लिवर में वसा जमा होने की प्रक्रिया धीमी पड़ती है। दूसरा महत्वपूर्ण उपाय है स्वस्थ और संतुलित आहार अपनाना। अपने रोजमर्रा के भोजन में हरी सब्जियों, मौसमी फलों और साबुत अनाज को शामिल करें। तले-भुने, ज्यादा तेल-मसाले वाले, प्रोसेस्ड फूड और मीठे पेय पदार्थों से दूरी बनाना जरूरी है। कोल्ड ड्रिंक्स, जंक फूड और अत्यधिक चीनी वाला भोजन लिवर पर अतिरिक्त दबाव डालते हैं, जबकि सादा और घर का बना खाना लिवर को स्वस्थ रखने में मदद करता है। पर्याप्त पानी का सेवन भी लिवर के लिए लाभकारी है, क्योंकि यह टॉक्सिन्स को बाहर निकालने में सहायक होता है। तीसरा और बेहद जरूरी कदम है नियमित स्वास्थ्य जांच। समय-समय पर लिवर फंक्शन टेस्ट और अन्य जरूरी मेडिकल चेकअप कराते रहना चाहिए। शुरुआती चरण में फैटी लिवर का पता चल जाने से इसे आसानी से नियंत्रित किया जा सकता है। डॉक्टर की सलाह के अनुसार वजन को नियंत्रित रखना, आहार में सुधार करना और आवश्यकता पड़ने पर दवाइयों का सही उपयोग करना लिवर की सेहत पर सकारात्मक प्रभाव डालता है। कुल मिलाकर, अगर समय रहते इन आदतों को जीवनशैली में शामिल कर लिया जाए, तो फैटी लिवर जैसी गंभीर समस्या से बचा जा सकता है। आधुनिक जीवन की भाग-दौड़ के बीच भी थोड़ी सी जागरूकता और सही आदतें आपके लिवर को लंबे समय तक स्वस्थ रख सकती हैं। बता दें कि आज के समय में लिवर संबंधी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं और इसका सबसे बड़ा कारण है कम फिजिकल एक्टिविटी। खासतौर पर वे लोग जो लंबे समय तक डेस्क जॉब करते हैं, उनके लिए फैटी लिवर एक आम बीमारी बनती जा रही है। सुदामा/ईएमएस 10 मार्च 2026