वाशिंगटन,(ईएमएस)। डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ जारी सैन्य कार्रवाई के बीच बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अमेरिकी और इजरायली हमलों में ईरानी नौसेना को भारी नुकसान पहुंचाया गया है और अब उसके जहाज समुद्र की तलहटी में हैं। ट्रंप ने यह टिप्पणी पत्रकारों से बातचीत के दौरान एयर फ़ोर्स वन में की। उन्होंने कहा कि धरती से एक बड़े कैंसर को खत्म करेंगे। मध्य पूर्व में जारी संघर्ष अब दूसरे सप्ताह में प्रवेश कर चुका है। अमेरिका और इजरायल की संयुक्त सैन्य कार्रवाई के तहत तेहरान और अन्य रणनीतिक ठिकानों पर लगातार हवाई हमले किए जा रहे हैं। इन हमलों में सैन्य प्रतिष्ठानों और रणनीतिक ढांचों को निशाना बनाया जा रहा है। दूसरी ओर, ईरान भी जवाबी कार्रवाई कर रहा है। रिपोर्टों के मुताबिक ईरानी सेना मध्य पूर्व में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बना रही है। खासतौर पर संयुक्त अरब अमीरात में स्थित अमेरिकी बेस और महत्वपूर्ण स्थानों पर हमलों की खबरें सामने आई हैं। बताया जा रहा है कि दुबई में भी कुछ जगहों पर हमले किए गए हैं। इसके अलावा सऊदी अरब की तेल स्थापनाओं पर भी हमले की आशंका जताई जा रही है, जिससे पूरे क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है। तेल कीमतों पर भी जताई चिंता राष्ट्रपति ट्रंप ने वैश्विक तेल बाजार को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि मौजूदा संघर्ष के कारण तेल की कीमतों में बढ़ोतरी होना स्वाभाविक है, लेकिन बाद में इसमें तेजी से गिरावट भी देखने को मिल सकती है। उनके अनुसार वैश्विक बाजार में यह उतार-चढ़ाव अस्थायी हो सकता है। ट्रंप ने अपने बयान में यह भी कहा कि अमेरिका और उसके सहयोगी जो कार्रवाई कर रहे हैं, वह केवल उनके देश के लिए ही नहीं बल्कि पूरे विश्व के लिए जरूरी है। उन्होंने कहा कि हम धरती से एक बड़े कैंसर को मिटा देंगे और इसे जड़ से खत्म करेंगे। इस दौरान ट्रंप ने 7 अक्टूबर 2023 हमास अटैक का भी जिक्र किया और कहा कि उस घटना को भूलना नहीं चाहिए। उनके मुताबिक क्षेत्र में स्थिरता लाने के लिए कठोर कदम उठाना आवश्यक है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि यह संघर्ष लंबा खिंचता है तो इसका असर वैश्विक ऊर्जा बाजार, समुद्री व्यापार और मध्य पूर्व की सुरक्षा स्थिति पर व्यापक रूप से पड़ सकता है। हिदायत/ईएमएस 10 मार्च 2026