व्यापार
10-Mar-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। देश में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की संभावित कमी को लेकर रेस्टोरेंट उद्योग ने चिंता जताई है। नेशनल रेस्टारेंट एसो‎शिएशन आफ इं‎डिया (एनआरएआई) ने केंद्र सरकार को पत्र लिखकर कमर्शियल एलपीजी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है। संगठन का कहना है कि यदि गैस की आपूर्ति बाधित होती है तो देशभर में बड़ी संख्या में रेस्टोरेंट बंद होने की स्थिति पैदा हो सकती है। एनआरएआई ने पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप ‎सिंह पुरी को लिखे पत्र में कहा है कि रेस्टोरेंट उद्योग अपने दैनिक संचालन के लिए कमर्शियल एलपीजी पर पूरी तरह निर्भर है। ऐसे में आपूर्ति रुकने से कारोबार पर गंभीर असर पड़ेगा और आम लोगों के लिए भोजन की उपलब्धता भी प्रभावित हो सकती है। कमर्शियल एलपीजी की आपूर्ति को लेकर यह चिंता ऐसे समय सामने आई है जब पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण कुछ क्षेत्रों में गैस आपूर्ति प्रभावित होने की खबरें आ रही हैं। बताया जा रहा है कि कुछ सप्लायरों ने रेस्टोरेंट और होटलों को गैस की आपूर्ति रोक दी है, जिससे उद्योग में अनिश्चितता का माहौल बन गया है। सतीश मोरे/10मार्च ---