बिलासपुर (ईएमएस)। डी.एल.एस. महाविद्यालय बिलासपुर में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एक गरिमामय एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में प्रख्यात शिक्षाविद् डॉ. नमिता द्विवेदी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रताप पाण्डेय ने की, जबकि संरक्षक चेयरमैन निशा बसन्त शर्मा, विशिष्ट अतिथि डॉ. क्षमा त्रिपाठी तथा डॉ. सुनीता द्विवेदी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि डॉ. नमिता द्विवेदी ने अपने संबोधन में कहा कि महिला शक्ति समाज की आधारशिला है और आज की महिलाएँ शिक्षा, विज्ञान, प्रशासन, खेल और राजनीति सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। प्राचार्य डॉ. प्रताप पाण्डेय ने कहा कि महिला दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि महिलाओं के सम्मान, अधिकार और समान अवसर के संकल्प का प्रतीक है। संरक्षक चेयरमैन निशा बसन्त शर्मा ने छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अर्चना तिवारी ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन डॉ. सुष्मिता मिश्रा द्वारा किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। कार्यक्रम का वातावरण उत्साह, प्रेरणा और महिला सशक्तिकरण के संदेश से परिपूर्ण रहा। मनोज राज 10 मार्च 2026