जबलपुर, (ईएमएस)। मिलौनीगंज मछली मार्केट, चार खंबा, बहोराबाग से लेकर रज़ा चौक तक रमज़ान शरीफ के दौरान लगने वाला मीना बाजार अब पूरी तरह से गुलजार हो गया है। रमज़ान के पाक महीने के अंतिम दिनों में प्रवेश के साथ ही यहां ईद की खरीदारी का उत्साह चरम पर है मीना बाजार में सुबह से ही खरीदारी करने वालों का तांता लगा हुआ है। दोपहर से शुरू होने वाला बाजार, रात्रीकालीन तरावीह की नमाज़ के बाद और भी भीड़-भाड़ वाला हो जाता है । मुस्लिम समुदाय की पर्दा नशीन बुर्का पहनी हुई महिलाएं और नौजवान, खरीदारी में मशगूल हैं। बाजार में ईद के लिए मीठी सेवइयाँ, खुशबूदार इत्र, रंग-बिरंगे सलवार-सूट,कुर्ता-पायजामा और बच्चों से लेकर बुज़ुर्गों तक की हर जरूरत की वस्तुएँ उपलब्ध हैं। इसके अलावा मीना बाजार में तरह-तरह के लज़ीज़ व्यंजन के स्टॉल भी लगाए गए हैं, जिनका आनंद खरीदारी करने वाले उठा रहे हैं। मीना बाजार में देश-विदेश से आए उत्पाद और स्थानीय हस्तशिल्प की दुकानों ने खरीददारी को और भी आकर्षक बना दिया है। सभी धर्म और जाति के लोग,आसपास के जिलों एंव ग्रामीण क्षेत्रों से आकर इस बाजार मे खरीदी कर रहे है इस मीना बाजार का इतिहास बहुत पुराना है। मुगल काल में आगरा और दिल्ली में भी ऐसे बाजारों का आयोजन होता था। जबलपुर में यह बाजार संस्कारधानी की गंगाजमुनी तहज़ीब को संजोए आज भी आयोजित किया जा रहा है! मदनी मिल्लत सेवा समिति के सरपरस्त वरिष्ठ समाज सेवी मतीन अंसारी, समिति के अध्यक्ष आसिफ़ इक़बाल एवं अन्य साथियों द्वारा पानी की व्यवस्था और स्पीकर के माध्यम से भीड़ नियंत्रण का प्रबंध किया है। असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। सुरक्षा के लिए मुस्लिम समुदाय के हाजी शेख जमील नियाज़ी, हाजी मक़बूल अहमद रज़वी, पप्पू वसीम खान, बाबा रिज़वान, हाजी मुईन खान, जमा खान, पत्रकार मतलूब अंसारी, तालिब हुसैन, याकूब अंसारी, अयाज़ राईन, आमीन कुरैशी, मुबारक अली, क़ादरी, सैय्यद क़ादिर अली क़ादरी, अकबर खान सरवर, ताहिर खान, तौसीफ़ रज़ा, शमीम अंसारी गुड्डू, अशरफ मंसूरी, जवाहर क़ादरी, आदि ने पुलिस अधीक्षक से अतिरिक्त महिला पुलिस बल की मांग भी की है। सुनील साहू / मोनिका / 10 मार्च 2026/ 02.01