- कटनी के बड़वारा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे- 43 पर देर रात भीषण दुर्घटना जबलपुर, (ईएमएस)। जबलपुर/ कटनी ईएमएस। संभाग के कटनी जिले में सोमवार को मध्य रात से पूर्व एक सडक दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई। बड़वारा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे- 43 पर जगतपुर उमरिया के पास एक तेज रफ्तार कार की टक्कर में सामने से आ रही मोटर साइकिल पर सवार चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। इस संबंध में बड़वारा थाना पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मोटर साइकिल पर सवार होकर चार युवक सोमवार 9 मार्च की रात कटनी से उमरिया की ओर जा रहे थे। वे रात लगभग साढे ग्यारह बजे नेशनल हाईवे- 43 पर ग्राम जगतपुर, उमरिया के पास चपहनी मोड़ तक पहुंचे ही थे कि इसी बीच उमरिया की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार क्रमांक एमपी13 सीसी 4342 से उनकी मोटर साइकिल की सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बुरी तरह चकनाचूर हो गई। वहीं चारों युवक मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पडे। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर तत्काल मौके पर पहुंचे और उन्हाने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बड़वारा थाना पुलिस और 108 एम्बुलेंस वाहन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बड़वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने चारों मोटरसाइकिल सवारों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान धीरेंद्र सिंह (18), रामकिशोर सिंह (26), रामदास सिंह (18) और इंद्रभान सिंह (25) के रूप में हुई है, जो उमरिया के मानपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले थे। परिजनों के अनुसार, रामकिशोर, रामदास और इंद्रभान कल सोमवार को ही महाराष्ट्र से मजदूरी कर वापस लौटे थे और धीरेंद्र सिंह उन्हें लेने के लिए मोटर साइकिल से कटनी रेलवे स्टेशन गया था। वे घर तक पहुंचते कि घर पहुंचने से पहले ही हादसे का शिकार हो गये। चारों शवों का आज मंगलवार को बड़वारा अस्पताल में पोस्टमॉर्टम कराने के बाद उनके परिजनों को सौंप दिया गया। इस घपटना से पूरे गांव में मातम छाया है। अजय पाठक / मोनिका / 10 मार्च 2026/ 02.43