राज्य
10-Mar-2026


-तेज हवाओं से भड़की आग ने 10 किसानों की सालभर की मेहनत की नष्ट हरदा,(ईएमएस)। मध्य प्रदेश के हरदा जिले के छीपाबड़ क्षेत्र में सोमवार दोपहर भीषण आग लगने से किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। खेड़ा टोल नाके के पास अचानक लगी आग तेज हवाओं के कारण तेजी से फैल गई और देखते ही देखते करीब 60 एकड़ में खड़ी गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। इस घटना में लगभग 10 किसानों की सालभर की मेहनत नष्ट हो गई। आग की लपटें इतनी विकराल थीं कि उसका धुआं करीब 5 किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आग लगने की वजह भूसा मशीन से निकली चिंगारी बताई जा रही है, जिसने तेज हवाओं के चलते विकराल रूप ले लिया। आग पर काबू पाने के लिए खिरकिया, हरदा, सिराली और किल्लौद से दमकल वाहन बुलाए गए। हालांकि खिरकिया की एकमात्र फायर ब्रिगेड खराब होने के कारण समय रहते मौके पर नहीं पहुंच सकी, जिससे आग तेजी से फैल गई। इस दौरान ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रैक्टरों से खेतों की जुताई कर आग को आगे बढ़ने से रोकने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर कलेक्टर सिद्धार्थ जैन और विधायक डॉ. आरके दोगने ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। कलेक्टर ने आरबीसी के प्रावधानों के तहत प्रभावित किसानों को सहायता उपलब्ध कराने और पंचनामा तैयार करने के निर्देश दिए हैं। घटना के बाद किसानों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई है। किसानों ने मांग की है कि उन्हें प्रति एकड़ 60 हजार रुपये मुआवजा दिया जाए और फसल बीमा की राशि जल्द स्वीकृत की जाए, ताकि उन्हें इस नुकसान से कुछ राहत मिल सके। हिदायत/ईएमएस 10मार्च26