राज्य
10-Mar-2026


- मल्टी नेशनल कंपनी में डेढ़ लाख महीने के पैकेज पर करता था नौकरी - नौकरी छोड़कर कर रहा था किसी परीक्षा की तैयारी, तनाव में रहने की बात आई सामने- - बहन से की थी आखरी बार मोबाइल पर बात भोपाल(ईएमएस)। होशंगाबाद के एक युवक ने बाग सेवनियां थाना क्षेत्र स्थित आरआरएल ब्रिज के पास रेलवे लाइन पर ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। सोमवार सुबह रेलवे ट्रेक पर शव पड़ा मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। उसके परिजन भी भोपाल में ही उसकी तलाश कर रहे थे। हालांकि पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है लेकिन रात डेढ़ बजे उसने अपनी बहन से मोबाइल पर बात की थी। उसने कहा था, कि मैं अपने पिता की इच्छा की पूर्ति नहीं कर सका। पुलिस ने घटनास्थल पर मिला मोबाइल जॉच के लिये जब्त कर लिया है। आंशका है कि युवक डिप्रेशन में था। परिजनों का कहना है कि परिवार संपन्न है। मृतक खुद मल्टी नेशनल कंपनी में डेढ़ लाख रुपए महीने की नौकरी करता था। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की जॉच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक मूलरूप से वनखेड़ी जिला होशंगाबाद निवासी अंश शुक्ला पुत्र सतेन्द्र शुक्ला (30) इकलौता बेटा और एक मल्टी नेशनल कंपनी में डेढ़ लाख रुपए प्रतिमाह के पैकेज पर नौकरी कर रहा था। रविवार को वह अमरकंटक एक्सप्रेस में अपने चाचा के लड़के के साथ सवार हुआ। अंश पिपरिया में उतर गया जबकि चाचा का लड़का वनखेड़ी पहुंच गया था। रात करीब दस बजे अंश इंटरसिटी एक्सप्रेस से भोपाल आ गया था। उसके मोबाइल की टॉवर लोकेशन से पुलिस को इस बात की जानकारी हुई। इस बीच घर नहीं पहुंचने पर परिजन उसकी खोजबीन में लगे। परिजनों को जब पता चला कि वह भोपाल आया हुआ है तो उसे खोजते हुए परिजन भी भोपाल आ गए। रात करीब डेढ़ बजे अंश ने मोबाइल पर कॉल कर अपनी बहन से बात की। उसने कहा था कि मैं पापा की इच्छा पूरी नहीं कर सका। इसके बाद सुबह करीब छह बजे अंश का शव आरआरएल ब्रिज के पास रेलवे ट्रेक पर पड़ा मिला। उसका चेहरा बुरी तरह चोटिल हो चुका था। पुलिस ने पंचनामा बनाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। पुलिस ने घटनास्थल पर मिला मोबाइल जब्त कर जांच के लिए भेज दिया था। जॉच टीम ने बताया की शुरुआती जांच में पता चला है कि अंश डिप्रेशन में था। वह नौकरी छोड़कर किसी परीक्षा की तैयारी करने लगा था। भोपाल आने के बाद वह बार-बार अपना मोबाइल बंद कर रहा था ताकि लोकेशन ट्रेस न हो सके। अंतिम बार रात डेढ़ बजे उसका मोबाइल ऑन हुआ था जब उसने अपनी बहन से बात की थी। जुनेद / 10 मार्च