नई दिल्ली,(ईएमएस)। पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष और तनाव के बीच, कतर में फंसे भारतीय नागरिकों को लेकर राहत की खबर है। भारतीय दूतावास के प्रयासों और कतर एयरवेज के सहयोग से करीब एक हजार भारतीय नागरिकों को सुरक्षित भारत लाया गया। दूतावास की तरफ से एक्स पर पोस्ट में यह जानकारी दी। दूतावास ने कहा कि मंगलवार को कतर एयरवेज की उड़ानों से लगभग 1,000 भारतीय यात्री नई दिल्ली, मुंबई और कोच्चि पहुंचे। दूतावास ने “मानवीय आधार पर मामलों को प्राथमिकता देने” के लिए एयरलाइन को धन्यवाद दिया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक कतर एयरवेज की एक उड़ान बुधवार को नई दिल्ली के लिए तय है। दूतावास ने कहा कि वह 96 घंटे की वैधता वाले अस्थायी पारगमन वीजा पर सलवा सीमा के रास्ते सऊदी अरब जाने वाले भारतीय नागरिकों की यात्रा को सुगम बनाना जारी रखे हुए है। दूतावास ने बताया कि कतर में फंसी भारतीय बास्केटबॉल टीम सऊदी अरब से उड़ान भरकर भारत पहुंची। पश्चिम एशिया में अस्थिरता के कारण कई भारतीय नागरिक यात्रा संबंधी बाधाओं का सामना कर रहे थे। भारतीय विदेश मंत्रालय और दूतावास की त्वरित सक्रियता ने यह तय किया है कि संकट में फंसे नागरिकों को प्राथमिकता के आधार पर निकाला जाए। इस पहल से उन परिवारों ने बड़ी राहत की सांस ली है, जिनके परिजन वहां फंसे हुए थे। सिराज/ईएमएस 11मार्च26 --------------------------------