एमसीबी (ईएमएस)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर एवं युवा खेल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में स्वामी आत्मानंद विद्यालय, मनेंद्रगढ़ में गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। महिलाओं के सम्मान, सशक्तिकरण और उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं संपन्न हुईं, जिनमें जिले की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ महतारी के चित्र पर दीप प्रज्वलन एवं पूजा-अर्चना के साथ किया गया। दिया शर्मा द्वारा दीप मंत्र प्रस्तुत कर कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की गई। इसके पश्चात कबड्डी, वॉलीबॉल, शतरंज, 100 मीटर दौड़, गोला फेंक एवं लंबी कूद जैसी विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में कबड्डी एवं वॉलीबॉल में खड़गवां की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। शतरंज प्रतियोगिता में मनेंद्रगढ़ के अक्षर ने प्रथम, लेदरी की नीतू ने द्वितीय तथा कछौड़ की किरण ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 100 मीटर दौड़ में खड़गवां की कौशल्या ने प्रथम, मनेंद्रगढ़ की माही ने द्वितीय तथा खड़गवां की फुल कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। गोला फेंक प्रतियोगिता में खड़गवां की पार्वती ने प्रथम, राजकुमारी (खड़गवां) ने द्वितीय तथा अमृता ने तृतीय स्थान हासिल किया। लंबी कूद प्रतियोगिता में मनेंद्रगढ़ की माही ने प्रथम, अनीशा ने द्वितीय तथा राजकुमारी (खड़गवां) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका परिषद मनेंद्रगढ़ की अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा यादव उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पंचायत खोंगापानी की अध्यक्ष श्रीमती ललिता यादव, जनपद पंचायत मनेंद्रगढ़ की अध्यक्ष श्रीमती जानकी कुसरो तथा नगर पंचायत झगराखंड की अध्यक्ष श्रीमती रीमा यादव मौजूद रहीं। अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं की भागीदारी और सशक्तिकरण से ही समाज और राष्ट्र का समग्र विकास संभव है। उन्होंने महिलाओं को शिक्षा, खेल और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में जिला खेल अधिकारी विनोद जायसवाल एवं उनके सहयोगियों का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन शिवकुमार चौधरी ने किया, जबकि अंत में जिला खेल सहायक अधिकारी रणधीर सिंह ठाकुर ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिला प्रशासन एवं खेल विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में प्रतिभागी उपस्थित रहे। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/11मार्च 2026