क्षेत्रीय
11-Mar-2026
...


गुना (ईएमएस)। जिले के बजरंगगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम सोंजना चक में वन विभाग ने बुधवार को वन भूमि पर बने अतिक्रमणों को हटाने के लिए कार्रवाई की। पुलिस बल की मौजूदगी में विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी की मदद से भूमि को खाली कराया और उसे अपने कब्जे में लिया। इस दौरान कई परिवारों ने कार्रवाई का विरोध भी किया और खुद को लंबे समय से यहां बसे होने का दावा किया। जानकारी के अनुसार गांव की कुछ भूमि राजस्व सर्वे नंबर 12, 13, 14, 14/1 और 14/2 के साथ वन विभाग के कक्ष क्रमांक पी-403 और एआईपी-316 के अंतर्गत आती है। इस क्षेत्र में सपेरा, कोरी सहित कई परिवार दशकों से रहकर खेती और मजदूरी के सहारे अपना जीवनयापन कर रहे हैं। प्रभावित लोगों का कहना है कि उनके परिवार चार पीढ़ियों से यहां निवास कर रहे हैं और अचानक अतिक्रमण बताकर उन्हें हटाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी वन विभाग की टीम यहां कार्रवाई के लिए पहुंच चुकी है। करीब ढाई महीने पहले हुई कार्रवाई के बाद ग्रामीणों ने कलेक्टर और वन मंडल अधिकारी को लिखित शिकायत देकर वन कर्मचारियों पर अभद्र व्यवहार और धमकाने के आरोप लगाए थे। ग्रामीणों का कहना था कि उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान निर्माण की स्वीकृति मिलने के बावजूद काम नहीं करने दिया गया। बुधवार को दोबारा हुई कार्रवाई के दौरान जब जेसीबी से अतिक्रमण हटाया जाने लगा तो कई महिलाएं मौके पर पहुंच गईं और रोते-बिलखते हुए कार्रवाई रुकवाने की कोशिश करने लगीं। हालांकि पुलिस की मौजूदगी में विभागीय टीम ने कार्रवाई जारी रखी। । सीताराम नाटानी