क्षेत्रीय
11-Mar-2026


दतिया ( ईएमएस ) | जिले के ग्राम डिरौलीपार की महिला किसान मोतिराजा कुशवाहा सब्जी उत्पादन के माध्यम से आत्मनिर्भरता की मिसाल बन गई हैं। मात्र एक बीघा खेत में सब्जियों की खेती कर वे सालाना लगभग 4 से 5 लाख रुपये तक का मुनाफा कमा रही हैं। मोतिराजा कुशवाहा अपने खेत में लहसुन, टमाटर, बैंगन, गोभी और प्याज जैसी सब्जियों का उत्पादन करती हैं। आधुनिक तरीके से की जा रही खेती और शासकीय योजनाओं से प्राप्त उन्नत बीजों के उपयोग से उनकी पैदावार में काफी वृद्धि हुई है। सब्जी उत्पादन से होने वाली आय से अब वे अपने घर के घरेलू खर्चों का प्रबंधन आसानी से कर पा रही हैं और बच्चों की पढ़ाई-लिखाई भी बेहतर तरीके से करवा रही हैं। मोतिराजा कुशवाहा बताती हैं कि शासन द्वारा किसानों के हित में चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं से उन्हें काफी लाभ मिला है। वे इसके लिए शासन का आभार व्यक्त करते हुए कहती हैं कि अब खेती के क्षेत्र में महिलाएं भी तेजी से आगे बढ़ रही हैं। उनका कहना है कि महिलाओं को सशक्त बनाने में देश के प्रधानमंत्री और प्रदेश के मुख्यमंत्री का महत्वपूर्ण योगदान है। आज महिलाएं और बेटियां केवल घर की दहलीज तक सीमित नहीं हैं, बल्कि हर क्षेत्र में अपनी पहचान बनाकर समाज और देश के विकास में योगदान दे रही हैं। मोतिराजा कुशवाहा की यह सफलता अन्य किसानों, विशेषकर महिलाओं के लिए प्रेरणा है।