क्षेत्रीय
11-Mar-2026


गुना (ईएमएस)। शहर के कैंट थाना क्षेत्र अंतर्गत राज विलास होटल के पास बुधवार दोपहर एक अजीबोगरीब और दर्दनाक सडक़ हादसा सामने आया है। तेज रफ्तार और अनियंत्रित ऑटो के पेड़ से टकराने के कारण एक 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की जान चली गई। हृदयविदारक बात यह है कि मृतिका रमजान के मुकद्दस महीने में अपने मरहूम परिजनों के लिए दुआ मांगकर लौट रही थी, लेकिन घर पहुँचने से पहले ही मौत ने उन्हें अपना शिकार बना लिया। दुआ पढक़र लौट रही थीं मुन्नी बाई प्राप्त जानकारी के अनुसार, कर्नलगंज निवासी मुन्नीबाई (70) पत्नी सिकंदर खान निवासी कर्नलगंज गत दिवस अपने देवर के साथ म्याना गई थीं। वहां रमजान के महीने में अपने पूर्वजों की रूह को सुकून पहुँचाने के लिए आयोजित दुआ के कार्यक्रम में शामिल हुईं। बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे वे म्याना से ऑटो में सवार होकर वापस गुना लौट रही थीं। सिर्फ एक सवारी पर टूटा कहर हादसा राज विलास होटल के पास हुआ, जहाँ ऑटो चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और तेज रफ्तार ऑटो सीधे सडक़ किनारे लगे एक पेड़ से जा भिड़ा। इस टक्कर में मुन्नीबाई को गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में उनके बेटे एवं अन्य परिजनों को भी चोटें आई हैं। जिनका जिला अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस ने शव का पीएम कराकर मर्ग कायम किया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। एक तरफ जहां परिवार रमजान की इबादत में मशगूल था, वहीं इस हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। - सीताराम नाटानी