अमरेली (ईएमएस)| गुजरात के अमरेली जिले के धारी तालुका के माणावाव गांव में शेरनी के हमले की दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। वाड़ी क्षेत्र में खेल रहे एक पांच वर्षीय बच्चे पर शेरनी ने अचानक हमला कर दिया, जिससे बच्चे की मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में भय और शोक का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार, खेत मजदूर परिवार का 5 वर्षीय बच्चा धवल कटारा खेत के पास खेल रहा था। तभी अचानक एक शेरनी वहां पहुंच गई और उसने बच्चे पर हमला कर दिया। शेरनी बच्चे को मुंह में दबोचकर खेत की ओर दूर तक घसीटकर ले गई। इस हमले में बच्चे को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में दहशत फैल गई। मामले की सूचना तुरंत वन विभाग को दी गई, जिसके बाद सरसिया रेंज के आरएफओ समेत वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए डीसीएफ के निर्देश पर पूरे इलाके को घेरकर शेरनी की तलाश शुरू की गई। इसके लिए तीन अलग-अलग टीमें बनाई गईं और आसपास के क्षेत्रों में पिंजरे भी लगाए गए। वन विभाग की त्वरित कार्रवाई के चलते कुछ ही घंटों में हमलावर शेरनी को पकड़ने में सफलता मिल गई। सरसिया रेंज के आरएफओ की टीम ने शेरनी को पिंजरे में कैद कर लिया। पकड़ी गई शेरनी को आगे की जांच और उपचार के लिए जसाधर एनिमल केयर सेंटर भेजा जाएगा। डीसीएफ ने बताया कि बच्चे पर हमले की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई थी। पूरे इलाके को घेरकर सर्च ऑपरेशन चलाया गया और तेजी से कार्रवाई करते हुए शेरनी को पकड़ लिया गया। अब उसे आगे की प्रक्रिया के लिए एनिमल केयर सेंटर भेजा जाएगा। सतीश/11 मार्च