क्षेत्रीय
11-Mar-2026
...


अशोकनगर ( ईएमएस) । कलेक्टर साकेत मालवीय की अध्यक्षता में बुधवार को जिला कलेक्ट्रेट भवन के ई-दक्ष केन्द्र में जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में कलेक्टर साकेत मालवीय द्वारा प्रशिक्षण ले रहे नोडल अधिकारियो एवं सहायकों को निर्देशित किया गया कि जनगणना प्रशिक्षण की बारीकियों को अच्छी तरह से समझे जिससे आगामी समय में होने वाली जनगणना को सफलता पूर्वक किया जा सके। प्रशिक्षण में बताया गया कि जनगणना 2027 का कार्य दो चरणों में संपादित किया जाना है। प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य मध्यप्रदेश राज्य में 1 से 30 मई की अवधि में किया जाना है, राज्य में जनगणना 2027 के प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना तथा राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर को अद्यतन करने के कार्य के लिये 3 दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यकम जनगणना कार्य निदेशालय, म.प्र. भोपाल के प्रशिक्षक प्रशिक्षण अधिकारी मोहम्मद जमील खान, राकेश मीना द्वारा जिला स्तर से जनगणना अधिकारी, अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी, अनुविभागीय जनगणना अधिकारी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, जनगणना लिपिक एवं चार्ज स्तर से चार्ज अधिकारी, अतिरिक्त नार्ज अधिकारी तथा जनगणना लिपिक को ग्रामीण चार्ज अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही जनगणना निदेशालय से प्राप्त निर्देशानुसार ऑनलाईन की जाने वाली कार्यवाही के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में प्रशिक्षकों द्वारा जनगणना कार्यों की बारीकियों की जानकारी विस्तार से दी। प्रशिक्षण में बताया गया कि जिले में दो चरणों में जनगणना का कार्य होगा। पहला चरण 1 से 30 मई के मध्य किया जाएगा। जिसमें मकान का सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य किया जायेगा। वहीं द्वितीय चरण का कार्य फरवरी 2027 में संपन्न होना है। इस बार जनगणना का कार्य डिजिटल रूप से मोबाइल एप के माध्यम से आंकड़ों का संकलन कर किया जायेगा, जो भारत की पहली डिजिटल जनगणना होगी। इस बार नागरिकों को अपना जनगणना डेटा स्वयं ऑनलाईन भरने की सुविधा के लिये स्व गणना वेब पोर्टल विकसित किया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान जनगणना कार्य से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं के साथ-साथ अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं की जानकारी अधिकारियों को दी गई। साथ ही, जनगणना कार्य के दौरान संभावित समस्याओं और प्रश्नों पर प्रतिभागियों से चर्चा की गई। प्रशिक्षण में प्रतिभागियों की समस्याओं का समाधान भी किया गया। भारत की जनगणना, भारत के लोगों की विभिन्न विशेषताओं पर सांख्यिकीय जानकारी का सबसे बड़ा एकल स्रोत है। भारत की जनगणना को दुनिया के सबसे बड़े प्रशासनिक कार्यों में से एक माना जाता है। आगामी जनगणना वर्ष 2027 के दौरान की जाएगी जो वर्ष 1872 से 16 वीं एवं स्वतंत्रता के बाद की 8 वीं जनगणना होगी। पिछली जनगणना वर्ष 2011 में हुई थी। जनगणना 2027 में स्व. गणना पोर्टल, मोबाइल एप के माध्यम से आंकड़ों का संकलन किया जायेगा। इसी क्रम में मकान सूचीकरण ब्लॉक क्रिएटर वेब पोर्टल के माध्यम से मकान सूचीकरण ब्लॉक का सृजन किया जायेगा। जनगणना प्रबंधन और निगरानी प्रणाली वेब पोर्टल के माध्यम से मैनेजमेंट एवं मॉनिटरिंग की जाएगी। इस दौरान अपर कलेक्टर डीएन सिंह, जनगणना अधिकारी, अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी, अनुविभागीय जनगणना अधिकारी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, जनगणना लिपिक, नगर जनगणना अधिकारी, चार्ज अधिकार सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। ईएमएस /11/03/2026