हाथरस (ईएमएस)। बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित योजनाओं, परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता, छात्र-छात्राओं के नामांकन और विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी अतुल वत्स ने की। बैठक में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।विभागीय समीक्षा के दौरान अपेक्षित प्रगति न मिलने पर जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी मुरसान को कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा खंड शिक्षा अधिकारी सिकंदराराऊ को विशेष प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए। इसके अलावा अन्य खंड शिक्षा अधिकारियों को भी चेतावनी पत्र जारी करने को कहा गया।जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि परिषदीय विद्यालयों में नामांकित छात्र-छात्राओं की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए और ड्रॉपआउट बच्चों की पहचान कर उन्हें पुनः विद्यालयों से जोड़ा जाए। खंड शिक्षा अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में विद्यालयों का नियमित निरीक्षण कर नामांकन और उपस्थिति की समीक्षा करने तथा आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।ऑपरेशन कायाकल्प के अंतर्गत विद्यालयों में कराए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विद्यालयों में शासन द्वारा निर्धारित 19 बिंदुओं के अनुरूप मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। विद्यालयों में स्वच्छ शौचालय, शुद्ध पेयजल, बिजली, कक्षाओं की साफ-सफाई, फर्नीचर, हैंडवॉश यूनिट, बाउंड्रीवाल, रसोईघर और खेल मैदान जैसी सुविधाएं अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाएं।मिड-डे मील योजना की समीक्षा के दौरान निर्देश दिए गए कि सभी विद्यालयों में बच्चों को समय से पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए तथा भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए। इस योजना में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।समग्र शिक्षा अभियान और निपुण भारत मिशन के अंतर्गत संचालित कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए सभी आवश्यक प्रयास किए जाएं और विद्यालयों में उपलब्ध स्मार्ट क्लास, डिजिटल बोर्ड, पुस्तकालय तथा अन्य शिक्षण संसाधनों का प्रभावी उपयोग किया जाए।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, बेसिक शिक्षा अधिकारी, सभी खंड शिक्षा अधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। ईएमएस / 11/03/2026