राज्य
11-Mar-2026


मुंबई, (ईएमएस)। महाराष्ट्र के बजट सत्र के दौरान बुधवार सुबह एक व्यक्ति ने विधान भवन के पास खुद को आग लगाने की कोशिश की। गनीमत यह रही कि वहां तैनात पुलिस ने हादसा टाल दिया और उक्त व्यक्ति को हिरासत में ले लियाहै। वहीं इस घटना से इलाके में कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र के सोलापुर जिले के माढा तालुका के टाकली के रहने वाले दादासो बबन कलसैत (38) बुधवार सुबह विधान भवन के मेन गेट पर पहुंचा। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, उसने अपने साथ लाए कंटेनर से केरोसिन खुद पर डाल लिया। जैसे ही वह खुद को आग लगाने वाला था, वहां तैनात पुलिसवालों और सिक्योरिटी गार्ड्स ने उसे पकड़ लिया जिससे एक बड़ा हादसा टल गया । पुलिस ने कलसैत को हिरासत में लिया और मरीन ड्राइव पुलिस स्टेशन ले गई। मिली जानकारी के मुताबिक, लोहार समुदाय की जमीन पर गैर-कानूनी तरीके से बनाई गई विश्वकर्मा की मूर्ति को हाल ही में नगर पंचायत ने हटा दिया था। इस कार्रवाई से कलसैत बहुत परेशान थे। पुलिस को शक है कि इसी गुस्से में उसने विधान भवन के बाहर खुद को आग लगाने की कोशिश की होगी। मरीन ड्राइव पुलिस ने इस मामले में कलसैत के खिलाफ सेक्शन 226 के तहत केस दर्ज किया है। चूंकि यह घटना एक हाई-प्रोफाइल इलाके में हुई, इसलिए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं और पुलिस मामले की जांच कर रही है। स्वेता/संतोष झा- ११ मार्च/२०२६/ईएमएस