:: 13.67 लाख नकद, 30 मोबाइल, 11 ताश की गड्डियां और दो कारें जब्त :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर जिले की महू तहसील के मानपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़े जुआ कांड का खुलासा करते हुए अवलीपुरा स्थित कोठी निवास फार्महाउस पर दबिश दी है। यह फार्महाउस वर्तमान में एक महिला आईएएस अधिकारी के नाम पर पंजीकृत है। पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर देर रात की गई इस कार्रवाई में 18 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो मुख्य गेट बाहर से बंद था, जिसके बाद पुलिस ने फार्महाउस के पिछले रास्ते से प्रवेश किया। बरामदे में भारी रोशनी के बीच जुआरियों की महफिल जमी थी। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 13 लाख 67 हजार 971 रुपये नकद, 52 ताश के पत्ते, 10 नई ताश की गड्डियां, 30 मोबाइल फोन और दो कारें जब्त की हैं। बरामद की गई कुल संपत्ति का मूल्य 28 लाख 67 हजार 971 रुपये आंका गया है। इस कार्रवाई में जगदीश राठौड़ उर्फ कुबड़ा, गोपाल, पप्पू धोबी, आशीष जैन और फार्महाउस के केयरटेकर रंजीत जाट सहित कुल 5 आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। पकड़े गए 18 आरोपियों में अलाउद्दीन, आसिफ, राजमल मोदी, चुहू खान, ओमप्रकाश, दीनदयाल, बलराम जयसवाल, प्रदीप कुमार जैन, स्वप्निल, नीतेश, नवीन, मनीष, लक्ष्मण पाटीदार, अभिषेक, अखिलेश, धीरज, राकेश, बृजसिंह, शिवनारायण चौधरी और गोपाल सेन शामिल हैं। ये आरोपी इंदौर, उज्जैन, धार, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, देवास और गुजरात समेत विभिन्न जिलों के रहने वाले हैं। मानपुर थाना प्रभारी लोकेंद्र सिंह के अनुसार, आरोपियों को बुधवार दोपहर एसडीएम कोर्ट में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें जेल भेज दिया गया है। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि जुए का यह फड़ मूल रूप से 1 मार्च को जमने वाला था, जिसे किन्हीं कारणों से 10 मार्च के लिए स्थगित कर दिया गया था। पुलिस अब फरार सरगना जगदीश राठौड़ की तलाश कर रही है और इस पूरे रैकेट के पीछे के अन्य कनेक्शनों की गहनता से जांच की जा रही है। प्रकाश/11 मार्च 2026