:: गैस भट्टी को डीजल भट्टी में बदलकर शुरू किया उत्पादन :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर में कमर्शियल गैस सिलेंडर की सीमित उपलब्धता के चलते जहाँ कई व्यावसायिक प्रतिष्ठान चुनौतियों का सामना कर रहे हैं, वहीं बड़ा गणपति क्षेत्र स्थित आनंद सेव भंडार के संचालक ने एक सराहनीय नजीर पेश की है। उन्होंने गैस सिलेंडर की कमी को अपनी प्रगति में बाधा नहीं बनने दिया और अपनी गैस भट्टी को सफलतापूर्वक डीजल भट्टी में परिवर्तित कर लिया है। इस नवाचार के माध्यम से अब नमकीन निर्माण का कार्य बिना किसी व्यवधान के सुचारू रूप से संचालित हो रहा है। संचालक की इस पहल से यह सुनिश्चित हुआ है कि कच्चे माल या गैस की कमी के बावजूद उत्पादन पर कोई नकारात्मक असर न पड़े और ग्राहकों को गुणवत्तापूर्ण उत्पाद नियमित रूप से मिलते रहें। इधर, जिला प्रशासन ने भी इस दिशा में सभी हितधारकों, रेस्टोरेंट संचालकों, कैटरिंग व्यवसायियों एवं नमकीन निर्माताओं से अपील की है कि जब तक कमर्शियल गैस सिलेंडर की स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं हो जाती, तब तक वे वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों को अपनाएं। प्रशासन ने व्यवसायियों को इंडक्शन, इलेक्ट्रिक चूल्हों या डीजल भट्टियों जैसी व्यवस्थाओं का उपयोग करने का सुझाव दिया है, ताकि शहर का व्यावसायिक चक्र बिना किसी रुकावट के चलता रहे। आनंद सेव भंडार की यह पहल उन सभी उद्यमियों के लिए एक प्रेरणा है जो मौजूदा संकट के समय में हार मानने के बजाय नई तकनीकी व्यवस्थाओं के जरिए अपने काम को गति दे रहे हैं। प्रकाश/11 मार्च 2026