:: कृषि विज्ञान केंद्र में किसानों को बाटेंगे बीज व उपकरण :: झाबुआ/इंदौर (ईएमएस)। मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल आज 12 मार्च 2026 को झाबुआ जिले के एक दिवसीय प्रवास पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राज्यपाल दोपहर 2:10 बजे हेलीकॉप्टर से गोपालपुरा एयरस्ट्रिप पहुंचेंगे। इसके बाद वे सीधे कृषि विज्ञान केंद्र जाएंगे, जहां वे जनजातीय समुदाय को सिकल सेल एनीमिया के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ कृषि विकास को बढ़ावा देने के कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इस प्रवास का मुख्य उद्देश्य जनजातीय क्षेत्रों में सिकल सेल एनीमिया जैसी आनुवंशिक बीमारी के प्रति जागरूकता फैलाना है, ताकि इसका समय पर परीक्षण और उपचार सुनिश्चित किया जा सके। साथ ही, राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय, ग्वालियर के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल किसानों को आधुनिक कृषि उपकरण और उन्नत बीज वितरित करेंगे, जो क्षेत्र की कृषि अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करेगा। :: प्रशासनिक तैयारियां पूरी :: राज्यपाल के आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। बुधवार को कलेक्टर नेहा मीना ने कृषि विज्ञान केंद्र परिसर में मंचीय व्यवस्था, अतिथि दीर्घा, स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, पेयजल की उपलब्धता और यातायात प्रबंधन जैसी सभी आवश्यक व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पूरा कार्यक्रम गरिमामय और प्रोटोकॉल के अनुरूप संपन्न हो। राज्यपाल अपने कार्यक्रम के उपरांत अपराह्न 3:45 बजे वापस गोपालपुरा एयरस्ट्रिप पहुंचेंगे, जहां से वे हेलीकॉप्टर द्वारा इंदौर के लिए प्रस्थान करेंगे। प्रकाश/11 मार्च 2026