राज्य
11-Mar-2026


* बजट में गृह विभाग के लिए 14,062 करोड़ की व्यवस्था, साइबर क्राइम पर सख्त कार्रवाई और पोक्सो मामलों में कड़ी सजा गांधीनगर (ईएमएस)| गृह राज्यमंत्री हर्ष संघवी ने गुजरात विधानसभा में गृह विभाग की मांगों पर चर्चा के दौरान राज्य की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सरकार के कामकाज का विस्तृत ब्यौरा दिया। साथ ही उन्होंने कांग्रेस के शासनकाल पर तीखा हमला भी किया। गृहराज्यमंत्री ने कहा कि गृह विभाग राज्य सरकार की “अभेद ढाल” की तरह काम करता है। राज्य के बजट में गृह विभाग के लिए 14,062 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है, जबकि कुल मिलाकर लगभग 17 हजार करोड़ रुपये की फंडिंग उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने बताया कि वित्त मंत्री कनू देसाई ने समय की जरूरत को देखते हुए यह फंड आवंटित किया है। हर्ष संघवी ने दावा किया कि आज गुजरात भारत का सबसे सुरक्षित राज्य बन चुका है। उन्होंने कांग्रेस के शासनकाल को याद करते हुए कहा कि उस समय राज्य में कर्फ्यू और दंगे आम बात थे, जबकि अब स्थिति ऐसी है कि गुजरात की “डिक्शनरी से कर्फ्यू शब्द ही गायब हो गया है।” कांग्रेस विधायकों की टिप्पणियों पर जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि राज्य की जनता ने सही समय पर सही निर्णय लिया, जिसके कारण आज विधानसभा में कांग्रेस विधायकों की संख्या बहुत कम रह गई है। उन्होंने यह भी कहा कि 2027 में कांग्रेस के कितने विधायक सदन में होंगे, यह भी बड़ा सवाल है। गृह राज्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक दौर में राष्ट्रविरोधी तत्वों के तरीके बदल गए हैं, लेकिन पुलिस ने भी तकनीक का इस्तेमाल करते हुए ऐसे तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। गुजरात एक सीमावर्ती राज्य है और 512 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा की सुरक्षा के लिए आधुनिक तकनीक के जरिए मजबूत व्यवस्था तैयार की गई है। उन्होंने बताया कि राज्य के विभिन्न जिलों में पुलिस ने अवैध रूप से देश में घुसे बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान कर उन्हें सीमा पार भेजने की कार्रवाई की है। साइबर क्राइम के खिलाफ कार्रवाई पर जानकारी देते हुए हर्ष संघवी ने कहा कि गुजरात इस क्षेत्र में भी आगे है। साइबर एक्सीलेंस के लिए 1,100 अधिकारियों का नया कैडर तैयार किया जाएगा और लगभग 298 करोड़ रुपये की लागत से नया भवन बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि साइबर क्राइम हेल्पलाइन के मामले में गुजरात देश में दूसरे स्थान पर है। उन्होंने बताया कि गुजरात पुलिस ने 55,132 फर्जी ऑनलाइन आईडी बंद करवाई हैं, जबकि 35,719 न्यूड वीडियो कॉल से जुड़ी आईडी भी बंद कराई गई हैं। साइबर अपराध के मामलों में 302 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया गया है और 182 करोड़ रुपये के साइबर फ्रॉड का पर्दाफाश किया गया है। गृह राज्यमंत्री ने कहा कि पुलिस की समय पर कार्रवाई से 102 लोगों को आत्महत्या से बचाया गया है और अंतरराज्यीय गिरोहों के खिलाफ भी सख्त कदम उठाए गए हैं। ‘मिस्टर इंडिया’ के नाम से कुख्यात आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है, जो दिल्ली एयरपोर्ट पर एक एयरलाइन के ग्राउंड स्टाफ के रूप में काम करता था और क्रिप्टोकरेंसी के जरिए अवैध गतिविधियों में शामिल था। चर्चा के दौरान विधानसभा में एक रोचक घटना भी देखने को मिली। भाजपा विधायक लविंगजी ठाकोर और बलराजसिंह चौहाण को सदन में कुछ खाते हुए देखकर विधानसभा अध्यक्ष ने उन्हें टोका और कहा कि सदन के भीतर कुछ भी खाने की अनुमति नहीं है। पोक्सो मामलों पर जानकारी देते हुए गृहराज्यमंत्री ने बताया कि गुजरात में 1,439 आरोपियों को सजा दिलाई गई है, जिनमें 14 को फांसी और 907 को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई है। उन्होंने दावा किया कि पोक्सो मामलों में सजा दिलाने का अनुपात देश के अन्य राज्यों की तुलना में गुजरात में अधिक है। इस तरह गृह विभाग की मांगों पर जवाब देते हुए हर्ष संघवी ने राज्य की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई और पुलिस विभाग की उपलब्धियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। सतीश/11 मार्च