राज्य
11-Mar-2026
...


:: मंत्री निर्मला भूरिया ने नवदंपतियों को दिया आशीर्वाद, कहा- बेटियों का सम्मान सरकार की प्राथमिकता :: झाबुआ (ईएमएस)। झाबुआ जिले की जनपद पंचायत रामा में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आयोजित एक भव्य सामूहिक विवाह समारोह में 176 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। इस आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुईं महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने नवविवाहित दंपतियों को सुखद वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया। इस सामूहिक विवाह समारोह में रामा क्षेत्र के 84 और राणापुर क्षेत्र के 92 जोड़ों का विवाह पूरी तरह से पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ। पूरे आयोजन स्थल पर उत्साह का वातावरण था और परिजनों में शासन की इस लोककल्याणकारी पहल को लेकर विशेष प्रसन्नता देखी गई। मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना आर्थिक रूप से जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह को गरिमा और सम्मान के साथ संपन्न कराने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में संचालित योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार का मूल उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुँचाना है, ताकि कोई भी गरीब परिवार बेटी के विवाह को लेकर आर्थिक चिंता में न रहे। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष भानु भूरिया ने कहा कि यह योजना न केवल आर्थिक सहायता प्रदान करती है, बल्कि समाज में सहयोग और समानता की भावना को भी मजबूत करती है। जिला पंचायत के सीईओ जितेन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि प्रशासन का निरंतर प्रयास है कि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ पूरी पारदर्शिता के साथ समय पर मिले। इस गरिमामय आयोजन में जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ उप संचालक सामाजिक न्याय पंकज सांवले, जनपद सीईओ सुश्री वर्षा सोलंकी, तहसीलदार प्रमेश जैन और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। पूरे आयोजन को उत्सवपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया गया। प्रकाश/11 मार्च 2026