नई दिल्ली,(ईएमएस)। केरलम विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने तैयारियां शुरू की है। बुधवार केरलम विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक हुई। बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्नुजन खरगे, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, अम्बिका सोनी, टीएस सिंह देव सहित अन्य सदस्य कांग्रेस दफ़्तर में मौजूद रहे और चुनाव को लेकर मंथन किया। सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस केरलम की 140 सीटों में से करीब 90 सीटों पर चुनाव लड़ने की रणनीति तैयार की है, बाकी सीटें अपने गठबंधन के सहयोगियों के लिए छोड़ देगी। सूत्रों के मुताबिक, इसमें से पहली लिस्ट की 31 सीटों पर मुहर लग गई है। केरलम कांग्रेस से कई सांसद विधानसभा के चुनावी मैदान में उतर सकते हैं। चर्चा है कि सांसद हिबी हिडेन, सांसद के सुधाकरण, सांसद के सुरेश विधानसभा चुनाव लड़ने को तैयार हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केरलम में अपनी चुनावी आवाजाही को बढ़ाया है। हाल ही में वह कई इवेंट्स में हिस्सा लेने के लिए राज्य में आ चुके हैं। उन्होंने युवाओं और महिलाओं के लिए कुछ सोशल-वेलफेयर गारंटी का भी ऐलान किया है, जिससे चुनाव की तारीखें आने के बाद जबरदस्त कैंपेन के लिए माहौल तैयार हो सके। केरलम में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हैं। एक ओर लेफ्ट की अगुवाई में एलडीएफ गठबंधन है। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस का यूडीएफ है। जल्द ही केरल में विधानसभा चुनाव के लिए तारीखों का ऐलान हो सकता है। आशीष दुबे / 12 मार्च 2026