जोहांसबर्ग (ईएमएस)। दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज बल्लेबाज ए बी डिविलियर्स ने कहा है कि आईसीसी टी20 विश्वकप में संजू सैमसन की जगह पर जसप्रीत बुमराह को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का अवार्ड मिलना चाहिये था। उन्होंने कहा, संजू सैमसन प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहे पर मुझे लगा कि उनके और बुमराह के बीच बहुत ही कम अंतर था। डिविलियर्स ने बताया कि बुमराह टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज थे, जो उन्हें इस पुरस्कार के लिए सबसे बड़ा दावेदार बनाता था। उन्होंने जोर देते हुए कहा, मेरे लिए खेल के कुछ ऐसे महत्वपूर्ण क्षण और महत्वपूर्ण ओवर थे जो बुमराह ने फेंके, जिनके कारण भारतीय टीम को जीत मिली। इससे मुझे लगा कि शायद उन्हें इस पुरस्कार में और अधिक महत्व मिलना चाहिए था या उन्हें इसके और करीब होना चाहिए था। डिविलियर्स के अनुसार, विशेष रूप से सेमीफाइनल और फाइनल जैसे बड़े दबाव वाले मैचों में बुमराह ने जबरदस्त गेंदबाजी कर विरोधी टीम पर दबाव बनाये रखा। उन्होंने बुमराह को अपने पूरे करियर में सामना किए गए शीर्ष तीन गेंदबाजों में से एक करार दिया। वहीं डिविलियर्स ने सैमसन की भी प्रशंसा की, जिन्होंने अभिषेक शर्मा और ईशान किशन के साथ मिलकर भारतीय बल्लेबाजी को बेहतर बनाया। उन्होंने कहा कि सैमसन ने तब सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया जब उसकी सबसे ज्यादा जरूरत थी, खासकर सेमीफाइनल और फाइनल जैसे नॉकआउट मुकाबलों में। डिविलियर्स ने सैमसन के करियर के उतार-चढ़ाव और इसमें सचिन तेंदुलकर की मेंटर के रूप में भूमिका का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सैमसन के पास वह फायरपावर है जिसने टीम के संतुलन मिला जिससे वह बड़े स्कोर बनाने में सफल रही। ईएमएस 12 मार्च 2026