राज्य
12-Mar-2026


19 मार्च से शुरू होने वाले जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जनभागीदारी करने की अपील नरसिंहपुर, (ईएमएस)। कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह और सीईओ जिला पंचायत श्री गजेन्द्र सिंह नागेश ने जनपद पंचायत करेली के अंतर्गत आने वाले ग्राम कठौतिया में बारूरेवा नदी पर सामूहिक श्रमदान कर बोरी बंधान का कार्य किया। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि 19 मार्च से शुरू होने वाले जल गंगा संवर्धन अभियान में सक्रिय भागीदारी कर पानी की प्रत्येक बूंद को बचाएं। इस अवसर पर अधिकारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, स्वसहायता समूह की महिलाओं तथा ग्राम की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक श्रमदान कर बोरी बंधान के कार्य में अपनी सहभागिता निभाई। बोरी बंधान के माध्यम से बहते हुए पानी को रोककर जल संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। इससे ग्रीष्मकाल में पशु-पक्षियों के लिए पानी की उपलब्धता सुनिश्चित होगी तथा भूमिगत जल स्तर में भी वृद्धि होगी। साथ ही बंधान के आसपास के किसानों को कृषि सिंचाई के लिए भी पानी की उपलब्धता मिल सकेगी, जिससे क्षेत्र के किसानों को लाभ होगा। ईएमएस / मोहने / 12 मार्च 2026