टाउन हॉल में लगा सफाई मित्र सुरक्षा शिविर, विशेषज्ञ डॉक्टरों ने किया स्वास्थ्य परीक्षण छिंदवाड़ा (ईएमएस)। शहर की स्वच्छता व्यवस्था में अहम भूमिका निभाने वाले सफाई कर्मचारियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नगर पालिक निगम ने सराहनीय पहल की है। कर्मचारियों के हितों को प्राथमिकता देते हुए निगम द्वारा महिला सफाई मित्रों के लिए विशेष सफाई मित्र सुरक्षा शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें उन्हें निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण और चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई गई।नगर पालिक निगम द्वारा नगर निगम आयुक्त सीपी. राय एवं महापौर विक्रम अहके के निर्देशानुसार अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 08 से 14 मार्च तक निकाय स्तर पर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसीक्रम में गुरुवार को टाउन हॉल में सफाई मित्र सुरक्षा शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। शिविर में नगर निगम की समस्त महिला सफाई कर्मचारियों का विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर में डॉ. रोशनी मालवीया, डॉ. हर्षा पोपली, डॉ. रीना पांडे और डॉ. रवि चंद्रवंशी ने कर्मचारियों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक परामर्श दिया। साथ ही संस्था द्वारा महिला सफाई मित्रों को निशुल्क दवाइयों का भी वितरण किया गया। कार्यक्रम के आयोजन में आदर्श फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. महेश बंदेवार, सचिव डॉ. लता नागले, संरक्षक रविन्द्र सिंह एवं रोहिणी बंदेवार का विशेष सहयोग रहा। नगर पालिक निगम द्वारा आयोजित इस शिविर का मुख्य उद्देश्य महिला सफाई मित्रों के स्वास्थ्य संरक्षण, सुरक्षा और सम्मान को सुनिश्चित करना है, ताकि वे स्वस्थ और सुरक्षित वातावरण में अपने दायित्वों का बेहतर तरीके से निर्वहन कर सकें। ईएमएस/मोहने/ 12 मार्च 2026