क्षेत्रीय
12-Mar-2026


एंटी वेनम वैक्सीन की उपलब्धता को लेकर कलेक्टर ने दिए दिशा निर्देश छिंदवाड़ा (ईएमएस)। जिले में पिछले एक साल में सर्पदंश के सैकड़ों मामले सामने आए हैं। अप्रैल २०२५ से लेकर मार्च २०२६ अब तक सर्पदंश से ६० से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। सर्पदंश के बढ़ते मामलों को लेकर जिला प्रशासन ने भी चिंता जाहिर की है। पिछले दिनों कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने सर्पदंश से बचाव को लेकर कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कार्यशाला का आयोजन भी कराया था। जिसमें राजस्व अमले को सर्पदंश होने पर क्या प्राथमिक उपचार करने हैं इसका प्रशिक्षण कार्यशाला के जरिए दिया गया था। आंगनवाड़ी और आशा, उषा कार्यकर्ताओं के लिए भी जल्द ही इस कार्यशाला का आयोजन होने जा रहा है। गुरूवार को कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने राजस्व अधिकारियों की मासिक समीक्षा बैठक ली। जिसमें उन्होंने सर्पदंश से हो रही मृत्यु की घटनाओं पर भी गंभीरता से चर्चा की । कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने बताया कि अप्रैल 2025 से अब तक जिले में सर्पदंश से 60 से अधिक व्यक्तियों की मृत्यु हुई है, जो चिंता का विषय है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे मामलों में तत्काल राहत प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए तथा ग्रामीण क्षेत्रों में सर्पदंश से बचाव के संबंध में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाए। साथ ही प्रत्येक एसडीएम को अपने अनुविभाग में रोगी कल्याण समिति की बैठक नियमित रूप से आयोजित कराने तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में की उपलब्धता की निगरानी रखने के निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर धीरेन्द्र सिंह, जिला मुख्यालय के सभी संयुक्त कलेक्टर एवं डिप्टी कलेक्टर सहित जिले के सभी एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, खनिज अधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। अवैध उत्खनन रोकने चलेगा विशेष अभियान अवैध उत्खनन के मामलों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने सख्त निर्देश दिए कि खनिज एवं राजस्व अमला संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करे। उन्होंने खनिज अधिकारी को निर्देशित किया कि अवैध खनन के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर अधिक से अधिक प्रकरण पंजीबद्ध किए जाएं तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए। राजस्व प्रकरणों का करें समय पर निराकरण बैठक में कलेक्टर ने राजस्व विभाग से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लंबित प्रकरणों के त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन सहित सभी राजस्व प्रकरणों का निर्धारित समय सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। ईएमएस/मोहने/ 12 मार्च 2026