छिंदवाड़ा (ईएमएस)। आपदा प्रबंधन संसाधन भोपाल द्वारा मध्यप्रदेश में भूकंप पूर्व तैयारी एवं क्षमता संवर्धन कार्यक्रम नामक परियोजना संचालित की जा रही है। इस परियोजना के अंतर्गत जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के नेतृत्व में जिला स्तर पर 05 दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। इसमें भूकंप आपदा जोखिम प्रबंधन तथा ध्वस्त संरचना खोज एवं बचाव विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। कलेक्टर हरेंद्र नारायन के निर्देशानुसार यह प्रशिक्षण 17, 18 मार्च 2026 तथा 24, 25 और 26 मार्च 2026 को आयोजित किया जाएगा। 17 मार्च 2026 को दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक आयोजित प्रशिक्षण में भूकंप आपदा जोखिम प्रबंधन के अंतर्गत 10 शासकीय विद्यालयों के प्राचार्य, 05 महाविद्यालयों के प्रोफेसर तथा 10 निजी विद्यालयों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। वहीं ध्वस्त संरचना खोज एवं बचाव के लिए पुलिस विभाग तथा होमगार्ड के 25 सैनिकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आपदा प्रकार एवं बचाव की तैयारी विषय पर वन विभाग के 25 अधिकारी-कर्मचारी एवं बीटगार्ड तथा नगर निगम छिंदवाड़ा के 25 कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। ईएमएस/मोहने/ 12 मार्च 2026