क्षेत्रीय
12-Mar-2026


कार्यशाला में कहा मिट्टी की उर्वरा शक्ति बढ़ाएं किसान छिंदवाड़ा (ईएमएस)। कलेक्टर ने गुरुवार को सुपर सीडर से नरवाई प्रबंधन और इसी से खेतों में उड़द और मूंग की बोनी कैसे की जाती है यह देखा। कृषि विज्ञान केंद्र में इस विषय पर हुई एक विशेष कार्यशाला में कलेक्टर हरेंद्र नारायण, एसडीएम सुधीर जैन के साथ कृषि विभाग के अधिकारी और वैज्ञानिक शामिल हुए। कलेक्टर की विशेष उपस्थिति में कृषि विभाग, कृषि अभियांत्रिकी विभाग एवं अन्य संस्थाओं के संयुक्त प्रयास से सुपर सीडर मशीन के माध्यम से मूंग एवं उड़द की फसल की बोनी का प्रदर्शन किया गया।कलेक्टर ने अधिकारियों की टीम के साथ केंद्र में संचालित प्राकृतिक खेती यूनिट का निरीक्षण किया तथा सुपर सीडर के माध्यम से नरवाई प्रबंधन करते हुए मूंग-उड़द की बोनी का प्रदर्शन भी देखा। इस अवसर पर सहायक कृषि यंत्री कृषि अभियांत्रिकी विभाग समीर पटेल ने सुपर सीडर के तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी। कार्यशाला में कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने जिले के किसानों से कहा कि नरवाई न जलाकर उसका वैज्ञानिक प्रबंधन करने तथा मिट्टी में मिलाकर उर्वरा शक्ति बढ़ाएं। उप संचालक कृषि जितेंद्र सिंह ने बताया कि जिले में बड़ी संख्या में किसान सुपर सीडर तकनीक को अपना रहे हैं और सभी सीजन में इसका उपयोग कर रहे हैं। जिला प्रशासन एवं कृषि विभाग के प्रयासों से जिले में सुपर सीडर की संख्या बढक़र लगभग 450 तक पहुंच चुकी है तथा इससे बोनी का रकबा भी लगातार बढ़ रहा है। किसान नेता मेर सिंह ने किसानों से सुपर सीडर के माध्यम से सीधे बुवाई की तकनीक को अधिक से अधिक अपनाने का आह्वान किया। कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ आरके झाड़े ने बताया कि केंद्र में सुपर सीडर से मूंग और उड़द की बोनी का प्रदर्शन किया गया है, जिसे किसान केंद्र का भ्रमण कर प्रत्यक्ष रूप से देख सकते हैं।इस दौरान उपसंचालक पशुपालन डॉ. एचजीएस पक्षवार, उपसंचालक उद्यानिकी एमएल उइके, किसान संघ के जिला अध्यक्ष रामराव लाड़े, कृषि विज्ञान केंद्र देलाखारी के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. आरएल राउत सहित अन्य वैज्ञानिक, अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे। ग्राम जूनापानी, मोहखेड़ की स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने भी प्रशिक्षण में भाग लिया। ईएमएस/मोहने/ 12 मार्च 2026