क्षेत्रीय
12-Mar-2026


माध्यमिक शिक्षा मंडल ने जारी की समय सारणी छिंदवाड़ा (ईएमएस)। माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा दसवीं बारहवीं की बोर्ड परीक्षाएं सात मार्च को समाप्त हुई। परीक्षा समाप्त होते ही मंडल द्वारा कक्षा दसवीं बारहवीं की द्वितीय परीक्षा की समय सारणी जारी कर दी गई है। दोनों ही कक्षाओं की परीक्षाएं 7 मई से शुरू होंगी। मंडल द्वारा जारी समय सारणी के अनुसार 10वीं की द्वितीय बोर्ड परीक्षाएं 7 से 19 मई तक आयोजित होंगी, जबकि 12वीं की परीक्षाएं 7 से 25 मई तक चलेंगी। सभी परीक्षाएं सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएंगी। जिन विद्यार्थियों के प्रायोगिक विषय हैं, उनकी प्रायोगिक परीक्षाएं भी 7 से 25 मई के बीच आवंटित केंद्रों पर कराई जाएंगी। बताया जा रहा है कि बोर्ड ने पिछले वर्ष से 10वीं और 12वीं के लिए द्वितीय परीक्षा प्रणाली लागू की है। पिछले साल इस परीक्षा में जिले के सैकड़ों विद्यार्थी शामिल हुए थे। शिक्षा विभाग से मिली जानकारी अनुसार मंडल द्वारा आयोजित द्वितीय बोर्ड परीक्षा में शामिल होने के लिए शुल्क निर्धारित किया गया है। एक विषय के लिए 500 रुपये, दो विषयों के लिए 1000 रुपये, तीन या चार विषयों के लिए 1500 रुपये और चार से अधिक विषयों के लिए 2000 रुपये शुल्क देना होगा। ईएमएस/मोहने/ 12 मार्च 2026